योगी ने केजीएमयू के नये जनरल सर्जरी भवन की रखी नींव

 योगी ने केजीएमयू के नये जनरल सर्जरी भवन की रखी नींव

लखनऊ, 14 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में एक नये जनरल सर्जरी भवन का शिलान्यास किया। यह भवन 378 करोड़ की लागत से दो वर्षों में बनकर तैयार हो जाएगा, जहां मरीजों रोबोटिक सर्जरी की सुविधा का लाभ मिलेगा।

केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि नया सर्जरी भवन अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें 12 ऑपरेशन थिएटर, 12 बेड वाला आईसीयू, मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम, नेटवर्किंग, सोलर सिस्टम, रोबोटिक सर्जरी सिस्टम जैसी उच्चस्तरीय व्यवस्थाएं होंगी। यह केजीएमयू के जनरल सर्जरी विभाग को नई ऊंचाई पर ले जाएगा और मरीजों को उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं सुलभ होंगी।
नये सर्जरी भवन के ग्राउंड फ्लोर पर विभागाध्यक्ष का कक्ष, एचआरएफ स्टोर, पेशेंट वेटिंग एरिया, प्लाज्मा स्टेरिलाइजेशन सिस्टम, चार ऑपरेशन थिएटर, पोस्ट ऑप वार्ड (16 बेड), प्री-एनस्थीसिया कक्ष, पॉवर रूम और फैकल्टी कक्ष होंगे। वहीं प्रथम तल पर प्रोफेसर्स के रूम, सर्जरी लाइब्रेरी, इंडोस्कोपी रूम, डे केयर अोटी और वेटिंग एरिया जैसी सुविधाएं होंगी। इसके अलावा बेसमेंट में मुख्य सर्जरी कार्यालय, कैन्टीन, दो चेंजिंग रूम, रिकॉर्ड रूम, कमेटी रूम, सेमिनार हॉल, लेक्चर हॉल, स्किल लैब, लिनन और यूजी-पीजी सेक्शन का कार्यालय होगा।
प्रो. केके सिंह ने बताया कि जनरल सर्जरी का नया भवन दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा। यह भवन उन मरीजों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा, जो जटिल और विशिष्ट सर्जरी के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा करते हैं। भवन में स्थापित उपकरण और सुविधाओं से जटिल सर्जरी को शत-प्रतिशत सफलता मिलेगी। वहीं वर्तमान में जनरल सर्जरी के लिए लंबा इंतजार अाम बात थी, लेकिन इस भवन के निर्माण के बाद वेटिंग की समस्या लगभग समाप्त हो जाएगी। वहीं सर्जरी के बाद की देखभाल के लिए आईसीयू और पोस्ट-ऑप वार्ड की भी सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केजीएमयू ने न केवल सुविधाओं का विस्तार हुआ है बल्कि शोध, प्रशिक्षण और जटिल से जटिल शल्य चिकित्सा के मामलों में सफलता की दर इबारत लिखी है। वहीं, भविष्य में जनरल सर्जरी के क्षेत्र में शोध और विशेषज्ञता को नई दिशा देने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास