इन्वेस्ट यूपी ने उद्यमियों के लिये लॉन्च किया एचआरएमएस पोर्टल

लखनऊ, 21 जुलाई (वार्ता) औद्योगिक विकास और निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी ' ने आज उद्यमियों के लिए मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली ‘एचआरएमएस’ पोर्टल का शुभारंभ किया।

इन्वेस्ट यूपी कार्यालय में आयोजित बैठक में औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई और निवेश प्रोत्साहन से जुड़े विषयों के साथ-साथ इन्वेस्ट यूपी से संबंधित विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई। यह एचआर पोर्टल, निवेश सारथी पोर्टल के अंतर्गत संबद्ध है । इसका मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री उद्यमी मित्रों की उपस्थिति, अवकाश, वेतन और अन्य मानव संसाधन संबंधी कार्यों को डिजिटल, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाना है। इससे उद्यमी मित्र स्वयं अपनी सैलरी स्लिप, फॉर्म-16 तथा अवकाश की जानकारी आसानी से देख सकेंगे, जबकि जिला स्तर और मुख्यालय पर अधिकारी उनके डेटा की निगरानी व रिपोर्टिंग कर सकेंगे। यह क्लाउड-आधारित पोर्टल भविष्य-उन्मुख डिज़ाइन से सुसज्जित है और मैनुअल से सिस्टम-आधारित तकनीक को आत्मसात करेगा।
उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे तेजी से उभरता हुआ निवेश गंतव्य बन चुका है। इस विकास यात्रा में मुख्यमंत्री उद्यमी मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण और सराहनीय रही है। 2023 में शुरू की गई मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जनपद एवं औद्योगिक विकास प्राधिकरणों में योग्य, प्रशिक्षित एवं प्रतिबद्ध 110 से अधिक उद्यमी मित्रों की नियुक्ति की गई है।
ये प्रशिक्षित प्रतिनिधि निवेशकों और शासन के बीच विश्वासपूर्ण संवाद स्थापित करते हैं। वे सरकार की नीतियों को ज़मीनी स्तर तक पहुंचाते हुए निवेशकों को संस्थागत सहयोग और भरोसे की नींव प्रदान करते हैं। निवेश सारथी, निवेश मित्र और ओआईएमएस जैसे प्लेटफ़ॉर्म से समन्वय कर, वे एकीकृत निवेश सेवा का स्वरूप साकार कर रहे हैं। ये उद्यमी मित्र निवेशकों और शासन के बीच एक मज़बूत सेतु के रूप में कार्य करते हैं।
एचआरएमएस पोर्टल, इन्वेस्ट यूपी द्वारा विकसित एक डिजिटल पहल है, जो मानव संसाधन संचालन को एकीकृत मंच पर लाकर पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही को बढ़ाता है। यह प्रणाली उद्यमी मित्रों को निवेशकों को समयबद्ध सहायता देने के लिए सक्षम बनाती है, जिससे निवेश सुगमता एवं प्रशासनिक निगरानी और भी सशक्त होती है और उत्तर प्रदेश की निवेश-उन्मुख अर्थव्यवस्था को गति मिलती है।
समीक्षा बैठक के दौरान, औद्योगिक विकास मंत्री ने संबंधित विभागों में लंबित मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने इन्वेस्ट यूपी की भावी योजनाओं का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने क्षेत्र-विशिष्ट नीतियों के तहत प्रोत्साहन देने एवं परियोजनाओं को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के लिए प्रस्तुत करने की योजनाओं का विवरण साझा किया।
इस बैठक में एमएसएमई एवं औद्योगिक विकास विभाग के सचिव प्रांजल यादव, पिकअप के महाप्रबंधक पीयूष वर्मा तथा इन्वेस्ट यूपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास