लठैतवाद के सिद्धांत पर भरोसा करते हैं अखिलेश : केशव
लखनऊ, 23 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को तंज कसते हुये कहा “ समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव केवल ‘लठैतवाद’ के सिद्धांत पर ही भरोसा करते हैं।श्री मौर्य ने कहा “ कब्जाधारी सपा बहादुर अखिलेश यादव के अपने शासन में अवैध कब्जा वाले कृत्य पर सुप्रीम कोर्ट ने मुहर लगा दी है। दरअसल, ‘लठैतवाद’ के सिद्धांत में भरोसा करने वाले सपाई जिस जमात का साथ पसंद करते हैं, उनका ‘पहला उसूल’ ही कब्जा करना होता है।”
गौरतलब है कि यूपी के पीलीभीत जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) को महज 115 रुपये प्रतिमाह किराये पर मिली नगरपालिका की संपत्ति को लेकर देश की सबसे बड़ी अदालत ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उच्चतम न्यायालय ने इस पूरे मामले को “राजनीतिक शक्ति का स्पष्ट दुरुपयोग” और “धोखाधड़ी से कब्जा” करार दिया है।
दरअसल, इस विवाद ने तब तूल पकड़ा जब सपा ने नगर पालिका परिषद के बेदखली आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी। कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए सपा की मंशा और किराया व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े किए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें