विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रुप में उभर रही है ‘रामजी’ की अयोध्या


अयोध्या, 10 जुलाई (वार्ता) देश दुनिया के करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का पर्याय उत्तर प्रदेश की पावन नगरी अयोध्या केवल धार्मिक महत्व की प्रतीक ही नहीं बल्कि एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में उभर रही है।

श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण के साथ ही अयोध्या को विश्व स्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। इसी कड़ी में सरयू नदी के तट पर बन रहा सरयू रिवरफ्रंट अयोध्या की खूबसूरती और सुविधाओं को और बढ़ाने जा रहा है। यह रिवर फ्रंट श्रीराम मंदिर से जुडक़र पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिये एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगा।
पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 23.46 करोड़ रुपये लागत से सरयू रिवर फ्रंट का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य अयोध्या को एक ऐसी नगरी के रूप में स्थापित करना है जहां श्रद्धालुओं और पर्यटक दोनों ही आध्यात्मिक और सौहार्दपूर्ण अनुभव प्राप्त कर सकें। रिवर फ्रंट के निर्माण कार्य में तेजी लायी गयी है, जिसमें सीढिय़ों पर पत्थर लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त छतरियों के फाउंडेशन का कार्य भी प्रगति पर है, जो इस परियोजना को और भव्यता प्रदान करेगा। सरयू रिवरफ्रंट का निर्माण न केवल सरयू नदी के तट को सुंदर बनाने के लिये है बल्कि यह पर्यटकों के लिये एक आधुनिक और सुविधाजनक स्थल के रूप में भी उभरेगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस रिवरफ्रंट पर श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान के साथ-साथ ध्यान, योग और अन्य आध्यात्मिक गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे। इसके अलावा पर्यटकों के लिये आधुनिक सुविधायें जैसे बैठने की व्यवस्था, छायादार स्थल और सैर-सपाटे के लिये सुंदर पथ भी उपलब्ध होंगे। रिवरफ्रंट का डिजाइन इस तरह तैयार किया गया है कि यह प्राकृृतिक सौहार्द के साथ-साथ आध्यात्मिकता को भी संजोये रखेंगे।
श्रीराम मंदिर के निर्माण के साथ ही अयोध्या में सडक़ों का चौड़ीकरण, अंतर्राष्ट्रीय वाल्मीकि एयरपोर्ट का निर्माण अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का निर्माण, चौदह कोसी और पंचकोसी परिक्रमा का निर्माण कार्य, रेलवे स्टेशन अयोध्या धाम तथा अयोध्या कैंट का आधुनिकीकरण और अन्य बुनियादी ढांचे का विकास तेजी से किया जा रहा है। अयोध्या में ही करीब चार-पांच ओवरब्रिजों का भी निर्माण कराया जा रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी में भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान रामलला के दर्शन के लिये दूरदराज से आये भक्तों के रुकने के लिए बड़े-बड़े होटलों का निर्माण, साथ ही साथ अयोध्या नगरी में हजारों होम स्टे भी बनकर तैयार है। जो लोग रामलला का दर्शन करने आते हैं वह इन सब जगहों पर ठहरते हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि सरयू रिवर फ्रंट का निर्माण अयोध्या को एक नया आयाम देगा। सं 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास