फर्जी कॉल्स व साइबर खतरों से बचाने के लिये होगा एआई का इस्तेमाल: बैंकर्स समिति
फर्जी कॉल्स व साइबर खतरों से बचाने के लिये होगा एआई का इस्तेमाल: बैंकर्स समिति
लखनऊ 15 जुलाई (वार्ता) बैंक उपभोक्ताओं खासकर ग्रामीण नागरिकों को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने के लिये बैंक आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) की मदद लेंगी।बैंक आफ बड़ौदा के आंचलिक प्रमुख एवं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (उप्र) के संयोजक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने मंगलवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि केंद्र सरकार वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिये एक जुलाई से 30 सितंबर के बीच देश भर में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान चला रही है जिसके जरिये विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिये किये जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी उपलब्ध करायी जा रही है।उन्होने बताया कि अभियान के दौरान ग्रामीण नागरिकों को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के लिये नागरिकों को ओटीपी साझा न करना, फिशिंग ईमेल्स, फर्जी कॉल्स व अन्य डिजिटल खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से ग्रामीण नागरिकों के साथ हो रही धोखाधड़ी से बचने के लिये लोगों को जागरुक किया जा रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि इस अभियान के दौरान बैंको द्वारा उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों की 57 हजार 702 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से शून्य शेष राशि पर प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत खाता खोले जा रहे हैं। केवल 436 रुपये प्रति वर्ष के प्रीमियम पर दो लाख रुपये के जीवन बीमा के लिये प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में लोगों का नामांकन किया जा रहा है। केवल 20 रुपये प्रति वर्ष के प्रीमियम पर दो लाख के दुर्घटना बीमा कवर के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में ग्रामीणों को नामांकन कराया जा सकता है। एक हजार से 5000 रुपये प्रति माह तक की गारंटीकृत पेंशन के लिए अटल पेंशन योजना का लाभ लोगों को पहुंचाया जा रहा है।
उन्होने बताया कि ग्रामीणों को अपने बैंक खातों को मनीम मूल खाते के रूप में इस्तेमाल होने से बचाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। मनी मूल वह व्यक्ति होता है जिसके बैंक खाते का इस्तेमाल किसी अवैध या धोखाधड़ी से कमाए गए पैसे को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है।
श्री सिंह ने कहा कि अभियान के अंतर्गत वंचित वर्ग तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने में बैंक अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से छूटे हुए पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें जनधन खाता, बीमा योजना, अटल पेंशन योजना आदि से जोड़ा जाएगा। इन शिविरों में बैंक प्रतिनिधियों और बिजनेस करेस्पॉन्डेंट्स द्वारा खाता खोला जायेगा।
यह अभियान केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वित्तीय सशक्तिकरण, डिजिटल सुरक्षा और जागरूकता के प्रति हमारे दायित्व को भी दर्शाता है। हम सभी नागरिकों तक सुरक्षित और समावेशी बैंकिंग पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत 31 मार्च तक कुल 9,81,96,107 खाते व प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 7,17,15,811 करोड़ और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत कुल 2,58,56,879 करोड़ और अटल पेंशन योजना के तहत 1,22,21,937 खाते खोले गये।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें