यूपी में प्राचीन शिव मंदिरों के कायाकल्प की तैयारी
यूपी में प्राचीन शिव मंदिरों के कायाकल्प की तैयारी
लखनऊ, 16 जुलाई (वार्ता) धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के मकसद से उत्तर प्रदेश सरकार कई प्राचीन मंदिरों के कायाकल्प की तैयारी में है।अधिकृत सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पर्यटन विभाग, यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड और यूपी स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पर्यटन इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू करने की तैयारी है। इन परियोजनाओं में धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, बुनियादी सुविधाओं का विकास और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देना शामिल है। इनमें से अधिकांश वो प्राचीन शिवमंदिर हैं।उन्होने बताया कि इनमें आगरा के फतेहाबाद में भट्टा की पिपरी मौजा मेवालीखुर्द स्थित शिव मंदिर परिसर, फिरोजाबाद में चकलेश्वर महादेव मंदिर और समौर बाबा मंदिर क्षेत्र में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास जैसे कार्य यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा करने की तैयारी है। इसके अलावा, गोरखपुर जिले में भूलेश्वर मंदिर, खजनी महादेव शिव मंदिर और झारखंडी महादेव मंदिर के साथ-साथ गोंडा जिले में तीरे मनोरमा मंदिर का पर्यटन विकास कार्य यूपी स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा संचालित किया जाएगा। ये परियोजनाएं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कला और संस्कृति को भी संरक्षित कर रही हैं। इसके अलावा मैनपुरी जिले में घंटा घर का सौंदर्यीकरण यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।
सरकार ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। मीरजापुर मंडल के तीन जिलों मीरजापुर, भदोही और सोनभद्र में ग्रामीण पर्यटन विकास रणनीति तैयार करने और ग्रामीण होमस्टे विकसित करने के लिए एक एजेंसी का चयन किया जा रहा है। इसके तहत कुल 8 गांवा में इस योजना को लागू करते हुए ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। यह पहल न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि स्थानीय समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी मदद करेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें