वृक्षारोपण अभियान सरकार के लिये सिर्फ एक इवेंट: अखिलेश
वृक्षारोपण अभियान सरकार के लिये सिर्फ एक इवेंट: अखिलेशलखनऊ 09 जुलाई (वार्ता) योगी सरकार के वृक्षारोपण अभियान पर तंज कसते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार अब तक 200 करोड़ पेड़ लगाने का दावा कर रही है मगर उन्हे यह भी बताना चाहिये कि इसके लिये जमीन कहां से आ रही है।
श्री यादव ने पार्टी के प्रदेश दफ्तर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा “ वृक्षारोपण अभियान सरकार के लिये सिर्फ एक इवेंट है। भाजपा सरकार के अब तक के वृक्षारोपण आंकड़ों पर नजर डालें तो यह 200 करोड़ से अधिक है मगर यह भी सोचने वाली बात है कि इतने पेड़ों के लिये जमीन कहां से आ रही है।”
उन्होने कहा कि उनकी सरकार ने समाज के हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं के सम्मान के लिये ‘यश भारती’ की शुरुआत 2002 में की थी मगर मौजूदा भाजपा की सरकार ने इसे बंद कर दिया। यह प्रतिभाओं का अपमान है। 2027 में समाजवादी सरकार के आने पर यश भारती की शुरुआत फिर से की जायेगी।
स्कूलों के विलय पर तंज कसते हुये श्री यादव ने कहा कि बच्चे स्कूल पढ़ने जाते हैं, लेकिन स्कूलों में ताले लगे मिलते हैं। यह शिक्षा व्यवस्था के लिये गंभीर सवाल है। सरकार बच्चों को पढ़ने नहीं देना चाहती है। कानपुर में सीएमओ को स्टे मिलने के सवाल पर उन्होने कहा कि इस सरकार में आपस में खींचतान मची है। अधिकारी दूसरे अधिकारी से झगड़ रहा है। मंत्री अधिकारी से झगड़ रहा है। एक मंत्री दूसरे को नीचा दिखाने में लगा है। एक मंत्री ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुये मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
उन्होने चुनाव आयोग को भी कठघरे में खड़ा करते हुये कहा कि मतदाता सूची में जम कर हेराफेरी की गयी है जिसके कारण सपा मुरादाबाद में चुनाव हार गयी मगर अब प्रदेश की जनता सब देख रही है और 2027 में भाजपा को सबक सिखाने को तैयार है।
प्रेस कांफ्रेंस में साहित्यकार उदय प्रताप सिंह और धावक राजा यादव मौजूद थे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें