राष्ट्रविरोधी-समाजविरोधी तत्वों को चकनाचूर करके रहेंगेः योगी
राष्ट्रविरोधी-समाजविरोधी तत्वों को चकनाचूर करके रहेंगेः योगी
आजमगढ़, 9 जुलाई (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि समाज विरोधी व राष्ट्रविरोधी कार्यवाही में लिप्त तत्वों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है।
उन्होने अवैध धर्मांतरण के आरोपी जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा की ओर इशारा करते हुये कहा “ कल बलरामपुर में एक जल्लाद को हम लोगों ने गिरफ्तार किया है। वह जल्लाद हिंदु बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करता था। पैसे में सौदेबाजी करता था, लेकिन अब ऐसे तत्वों के साथ सख्ती की जा रही है। हम समाज को टूटने भी नहीं देंगे और राष्ट्रविरोधी-समाजविरोधी तत्वों को भी चकनाचूर करके रहेंगे। हम धऱती मां के स्वास्थ्य की भी रक्षा करेंगे और मां की स्मृतियों को भी जीवंत बनाएंगे। ”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्सप्रेसवे के किनारे आजमगढ़ के सठियांव ब्लॉक के केरमा गांव में हरिशंकरी वाटिका की स्थापना की। आजमगढ़ को 60 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था। योगी ने यहां 60 लाख वां पौधा लगाया। उन्होंने इस विराट अभियान का हिस्सा बनने के लिए आजमगढ़ व प्रदेशवासियों का आभार प्रकट किया।
योगी ने कहा कि आज अयोध्या समेत कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। प्रातः 7 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में 'एक पेड़ मां के नाम' के तहत यूपी के अंदर अब तक 22 करोड़ का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है। 22 करोड़ पौधरोपण का मतलब यूपी के हर व्यक्ति के नाम पर लगा पौधा अपनी और धरती मां के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का माध्यम बना है। धरती हमारी मां और हम उसके पुत्र हैं। धरती केवल जमीन का टुकड़ा नहीं है। दुनिया में केवल भारत में ही धऱती के प्रति आत्मीय भाव देखने को मिलता है। ऋषि-मुनियों ने हमें संस्कारों से जोड़ा है। धरती मां स्वस्थ है तो हम सब स्वस्थ हैं। धरती मां बीमार हुई तो जीव सृष्टि के लिए जीवन-मरण का प्रश्न बन जाएगा। चेतावनी का संकट आ जाएगा। यह धऱती मां की सेहत को सुधारने और मां की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने का कार्यक्रम है।
उन्होने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अतिवृष्टि-अनावृष्टि की समस्या के समाधान के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हम लोगों ने 8 वर्ष पहले यह अभियान प्रारंभ किया था। आठ वर्ष में यूपी में 204 करोड़ पौधरोपण हुआ है। यह केवल केंद्र सरकार या देश की महत्वपूर्ण संस्थाएं ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी स्वीकार कर रही हैं कि यूपी में वनाच्छादन बढ़ा है। 2017 के पहले यूपी का वनाच्छादन मात्र नौ फीसदी था, आज यह बढ़कर 10 फीसदी हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उक्त अवधि से पहले के 15 वर्षों में यूपी के अंदर वन, खनन, पेशेवर माफिया के द्वारा व्यापक वन कटान और अवैध खनन से अराजकता, अव्यवस्था फैलाई गई थी। तब विकास नहीं होता था, बल्कि वनाच्छादन कम होता जा रहा था। आज आप सभी हीटवेव में ग्रीनवेव में बदलने के अभियान का हिस्सा बन रहे हैं।
योगी ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रम के लिए 2017 में जब पहली बैठक की तो वन विभाग से पता चला कि पांच करोड़ पौधों की भी नर्सरी नहीं है, लेकिन इस वर्ष वन समेत विभिन्न विभागों व निजी क्षेत्रों को मिलाकर विभिन्न प्रजातियों के 52 करोड़ पौधों की नर्सरी तैयार है। पांच करोड़ से 52 करोड़ की बढ़ी यात्रा सिर्फ नर्सरी की ही नहीं, बल्कि यूपी के विकास की भी है। यूपी का विकास भी इसी रूप में बढ़ रहा है। सीएम ने कहा कि आजमगढ़ ने बड़े-बड़े लोगों को चुनाव जिताकर भेजा, लेकिन एक्सप्रेसवे- महाराजा सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय, संगीत महाविद्यालय, चारों ओर से सड़कों का जाल तभी बिछता है, जब निरहुआ सांसद बनते हैं।
उन्होने प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री आवास योजना और जीरो पॉवर्टी के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों की भी चर्चा की, बोले कि इनके घरों में सहजन का पौधा लगाने के कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ है। सहजन प्रोटीन व विटामिन से भरपूर है। उसकी पत्ती, साग,फली भी पौष्टिक है। कुपोषित व्यक्ति भी इसका सूप-साग खाए और लंबे समय तक सेवन करे तो स्वस्थ रहेगा। गाय को सहजन खिलाते हैं, जिससे दूध बढ़ेगा। वन विभाग ने हर घर में पौध लगाने के साथ ही उसकी नर्सरी तैयार की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार विकास में विश्वास करती है, विभाजन में नहीं। विभाजन करने वाले लोग वे हैं, जिन्होंने परिवार का विकास और क्षेत्र, जाति, भाषा के नाम पर बांटने का पाप किया है। बिना नाम लिए सपा पर हमलावर योगी ने कहा कि यह कैसे-कैसे नमूनों को पालते थे। आजमगढ़ और युवाओं के सामने पहचान का संकट आ गया था, लेकिन आज यूपी का नौजवान देश में कहीं जाएगा तो देखने वाले के चेहरे पर यूपी के नाम से चमक पैदा होती है। यूपी अब विकास की रफ्तार में आगे बढ़ा है।
उन्होने कहा कि धरती मां की सेहत ठीक हो, इसके लिए 11 वर्ष पहले श्री मोदी ने अनेक अभियान चलाए। हर घर में शौचालय, हर घर तक जल पहुंचाने के साथ ही उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ लोगों को रसोई गैस के फ्री कनेक्शन दिए गए। पहले लोग केरोसिन, कोयला और लकड़ी काटकर भोजन बनाते थे, उससे कार्बन उत्सर्जन होता था। यह स्वास्थ्य पर बुरा असर डालता था, धऱती मां पर प्रदूषण बढ़ाता था और भावी पीढ़ी के भविष्य को अंधकार की तरफ ढकेलता था, लेकिन मोदी जी ने फ्री में रसोई गैस कनेक्शन दिए और हमने बिना भेदभाव होली-दीवाली पर फ्री में सिलेंडर दिया। यह कार्बन उत्सर्जन व प्रदूषण को कम करने का कार्यक्रम है। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे और उस पर व्यापक पौधरोपण, यूपीडा की तरफ से किए जाने वाले विकास कार्यों को नई गति देने का कार्यक्रम है।
योगी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वन विभाग से पेड़ लेकर जाइए, लगाइए। सीएम ने अपील की कि एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाइए। सेल्फी अपलोड कीजिए और पुरस्कार भी प्राप्त कीजिए। उन्होने कार्बन क्रेडिट को लेकर भी जानकारी दी।
इस मौके पर श्रम व सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, वन राज्यमंत्री केपी मलिक, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, विक्रांत सिंह, पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', नीलम सोनकर, संतोष सिंह, संगीता आजाद, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय आदि मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें