इंस्पायर योजना में 15 सितंबर तक छात्र कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
लखनऊ 01 अगस्त (वार्ता) बचपन से विज्ञान के प्रति बच्चों में अभिरुचि बढ़ाने व नवाचार को लेकर केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर-मानक योजना के तहत वर्ष 2025-26 के लिए सभी बोर्डों के कक्षा 6 से 12 तक के पात्र छात्र/छात्राओं को 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन के निर्देश दिये गये हैं। इस बाबत माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेन्द्र देव ने सभी मंडलीय एवं जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।माध्यमिक शिक्षा निदेशक के स्तर से जारी आदेश में योजना के सफल क्रियान्वयन के लिये जिला, विकासखण्ड व विद्यालय स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। आदेश में कहा गया है कि पोर्टल पर उपलब्ध अभिनव कहानियाँ छात्रों को पढ़वाएं तथा शिक्षकों को शिक्षक पुस्तिका का अध्यापन कराएं। जिससे छात्र स्वयं के मौलिक विचारों को विकसित कर ऑनलाइन अपलोड कर सकें।
उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा विवेक नौटियाल ने बताया कि इस वर्ष कक्षा 11 और 12 के विज्ञान वर्ग के छात्र/छात्राएं भी योजना के लिए पात्र बनाए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय अधिकतम पाँच विचारों का नामांकन कर सकता है, जिसमें से कक्षा 11-12 (विज्ञान वर्ग) के अधिकतम दो विचार शामिल किए जा सकते हैं। गत वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश ने 2,10,347 नामांकन कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया था। नामांकन करने वाले शीर्ष 50 जनपदों में उत्तर प्रदेश के 12 जनपदों ने स्थान पाया था। योजना का उद्देश्य छात्रों में नवाचार, रचनात्मकता, सामाजिक आवश्यकता समाधान, पर्यावरण मित्रता जैसे पहलुओं को प्रोत्साहित करना है।
गौरतलब है कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार एवं राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत द्वारा प्राप्त नवाचारी विचारों का परीक्षण कर श्रेष्ठ विचारो का चयन किया जायेगा। चयन के पश्चात प्रोत्साहन स्वरूप 10 हजार रुपये प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजना के माध्यम से सम्बन्धित छात्र/छात्रा के बैंक खातों में ऑनलाईन भेजी जाएगी। जिन छात्र/छाओं को अवार्ड धनराशि प्राप्त होगी, उनके द्वारा विज्ञान विषय के विभिन्न प्रोजेक्ट/मॉडल तैयार किया जायेगा। साथ ही उनका प्रदर्शन जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली इंस्पायर मानक जिला स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में किया जायेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें