भाजपा 17 सितंबर से मनायेगी सेवा पखवाड़ा
लखनऊ 27 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर पार्टी 17 सितम्बर से दो अक्टूबर तक विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से सेवा पखवाड़ा मनाएगी।
उन्होने कहा कि भाजपा नर सेवा, नारायण सेवा के संकल्प के साथ रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता कार्यक्रमों सहित विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम गांव, गली, मोहल्लों, शहरों, कस्बों, पगडंडियों तक पहुंचेगी। श्री सिंह ने पंचायत चुनाव तथा 2027 विधानसभा चुनाव में पूर्व तैयारी-पूर्ण तैयारी की नीति के साथ बूथ समिति तथा मजबूत बूथ व्यूह रचना की रणनीति पर चर्चा की।श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों तथा योजनाओं में गरीब, शोषित, वंचित, उपेक्षित वर्ग के सामाजिक और आर्थिक उत्थान का भाव सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मात्र राजनैतिक दल है जो राजनैतिक कार्यो के साथ ही जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण सहित समाज के प्रत्येक सुख-दुख में उनके साथ रहकर निरन्तर गतिशील रहता है। यही कारण है कि भाजपा संगठन और भाजपा कार्यकर्ता अन्य राजनैतिक दलों से अलग विशिष्ठ पहचान के साथ सर्वग्राही, सर्वस्पर्शी तथा सर्वसमावेशी हैं। उन्होने कहा कि सेवा पखवाडें में पार्टी के सभी पदाधिकारी, सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं को मोदी का संदेश लेकर सेवा कार्यो के माध्यम से जनता के बीच पहुंचना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प साकार रूप ले रहा है। इस संकल्प को जन-गण-मन का संकल्प बनाने के लिए हमें लोगों जुड़कर उन्हें इस संकल्प से जोड़ना है। देश निरन्तर प्रगति के मार्ग पर बढ़ रहा है। ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ जन-जन की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को लेकर मोदी जी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। हमें अपने कार्यो को बार-बार, हर बार जनता के बीच पहुंचाने का स्वाभाव विकसित करना है।
श्री सिंह ने कहा कि मंडल अध्यक्ष, शक्तिकेन्द्र संयोजक बूथ अध्यक्ष को नियमित संवाद के द्वारा रणनीति बनाकर काम करना है। प्रत्येक बूथ पर मजबूत व्यूह रचना तैयार करना है। जो भाजपा की जीत सुनिश्चित करे और विपक्ष के झूठ और भ्रम का पर्दाफाश करें। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण के कार्य में सजगता के साथ हमें प्रत्येक घर तक पहुंचना है और ऐसे सभी नवमतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाना है, जो 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके है। इसके साथ ही ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटवाने का काम भी करना है जो बूथ छोड़कर कहीं अन्यत्र रहने लगे है या दिवंगत हो चुके है। एक जिम्मेदार राजनैतिक दल के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की यह जिम्मेदारी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें