मोदी ने किसान सम्मान निधि के 20,500 करोड़ रुपये जारी किये, कांग्रेस, सपा को बताया विकास विरोधी

वाराणसी, 02 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त के रूप में 9.7 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में 20,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि हस्तांतरित की और कहा कि उनकी सरकार देश के किसानों की खुशहाली के लिए निरंतर काम कर रही है।

प्रधानमंत्री आज अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के 51वें दौरे पर आए। श्री मोदी ने सेवापुरी क्षेत्र के बनौली गांव में एक जनसभा स्थल से पीएम किसान सम्मान की किस्त जारी करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे विपक्षी दलों को ‘विकास विरोधी’ बताते हुए कहा कि इन पार्टियों ने शुरू में इस योजना के बारे में लोगों और किसानों को गुमराह करने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा, “पहले की सरकारों में किसानों के नाम पर हुई एक घोषणा भी पूरी होना मुश्किल होता था लेकिन भाजपा सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है! आज पीएम किसान सम्मान निधि सरकार के पक्के इरादों का उदाहरण बन चुकी है।” इस योजना के तहत अब तक देश भर में किसानों को पौने चार लाख करोड़ रुपये मिले हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के करीब ढाई करोड़ किसानों को 90 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि भेजी गयी है।
श्री मोदी ने कहा कि 2019 में जब पीएम-किसान सम्मान निधि शुरू हुई थी, तब समाजवादी पार्टी -कांग्रेस जैसे ने लोगों को गुमराह करने के लिए कहा था 2019 के चुनाव के बाद यह योजना बंद हो जाएगी और “मोदी ने जो पैसा अभी जमा किया है ना, वो भी वापस निकाल लेगा।” प्रधानमंत्री ने इस तरह की राजनीति को ‘देश का दूर्भाग्य ’ बताते हुए कहा कि “ निराशा की गर्त में डूबा हुआ विरोधी मानसिकता वाले लोग ऐसी ही झूठी सच्चाई को लेकर के जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने इस योजना में ऐसी पक्की व्यवस्था बना दी है कि ‘न कोई लीकेज होगी, न ही गरीब का हक छीना जाएगा।’ इसका पैसा बिना किसी कट-कमीशन, बिचौलिए या हेराफेरी के, सीधे किसानों के खाते में पहुंचता है। उन्होंने मंत्रिमंडल द्वारा हाल में स्वीकृत 24 हजार करोड़ रुपए की प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए, कृषि व्यवस्था मजबूत और विकसित करने के लिए इसे देश के ऐसे जिले में लागू किया जाएगा जो पिछली सरकारों की गलत नीतियों के कारण विकास की राह में पिछड़ गए, पिछड़े रह गए। इससे उत्तर प्रदेश के भी लाखों किसानों को फायदा होगा।
श्री मोदी ने कहा कि किसानों के जीवन में बदलाव के लिए, उनकी आय बढ़ाने के लिए, खेती पर होने वाला खर्च कम करने के लिए, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पूरी शक्ति से काम कर रही है, पूरी ताकत लगा रही है। उन्होंने बताया कि पीएम फसल बीमा योजना के तहत अब तक पौने दो लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के किसानों के दावे निपटाए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि आपको आपकी फसल की सही कीमत मिले। इसके लिए फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। ... आपकी उपज सुरक्षित रहे इसलिए सरकार देश में हजारों नए गोदाम भी बनवा रही है।”
उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान कृषि अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी है। लखपति दीदी अभियान का लक्ष्य देश में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। अब तक डेढ़ करोड़ से ज्यादा लखपति दीदी भी बन भी चुकी हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, “गरीब परिवार की, किसान परिवार की हमारी डेढ़ करोड़ बहनें लखपति दीदी बन जाए, ये बहुत बड़ा काम हो रहा है। सरकार के ड्रोन दीदी अभियान ने भी लाखों बहनों की आय बढ़ाई है।”
उन्होंने कहा कि सरकार कृषि से जुड़ी आधुनिक रिसर्च को खेतों तक पहुंचाने में भी जुटी है। इसके लिए मई और जून के महीने में खास तौर पर विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया गया। लैब से लैंड के मंत्र के साथ सवा करोड़ से अधिक किसानों से सीधा संवाद किया गया है।
उन्होंने कहा, “कृषि यह राज्य का विषय है पर हमें लगा कि यह भले विषय राज्य का हो, राज्य करें, कर पाए ना कर पाए, बहुत से राज्य हैं जो नहीं कर पाते हैं, तो हमने तय किया कि हम खुद भी कुछ करेंगे और करोड़ों किसानों के साथ सीधा संवाद किया।”

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास