परिषदीय विद्यालयों की परीक्षायें अब 25 अगस्त से

लखनऊ 18 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों की सोमवार से होने वाली परीक्षाओं को बेसिक शिक्षा विभाग ने स्थगित कर दिया है। इसके पीछे बेसिक शिक्षा विभाग का कहना है कि इधर परिषदीय विद्यालयों के विलय के चलते इसका असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा है। जिसको देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं पूर्व घोषित तिथि में बदलाव करते हुए विभाग ने अब 25 अगस्त से परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया है।

बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल की ओर से जारी आदेश कहा गया है कि बेसिक शिक्षा परिषद आदेश में द्वारा संचालित परिषदीय, मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2025-26 में 18 से 23 अगस्त तक प्रथम सत्रीय परीक्षा कराये जाने के दिए गए थे। इसमें संशोधन करते हुए 25 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रथम सत्रीय परीक्षा आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा के आयोजन के संबंध में शेष दिशा-निर्देश यथावत रहेंगे।
गौरतलब है कि वर्तमान में सरकार का पूरा ध्यान एक किमी की परिधि में आने वाले विद्यालयों का परिविलय पर है। यह मुद्दा हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा के मानसून सत्र में भी उठा था। जिसमे विपक्ष ने सरकार पर बच्चों के शिक्षा का अधिकार छीनने का आरोप लगाया था।

टिप्पणियाँ