प्रयागराज: तिरंगे को सलामी देते ही सुनाई देंगी 30 अमर शहीदों की गाथाएं
प्रयागराज 10 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अगस्त क्रांति के अवसर पर रविवार को स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों की स्मृति में तैयार किए गए शहीद वॉल पर स्मार्ट जोन का भव्य उद्घाटन इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्रांतिकारियों और शहीदों के प्रेरक व्यक्तित्व को युवा पीढ़ी अवश्य जाने। शहीद वॉल केवल इतिहास को जानने का माध्यम ही नहीं, बल्कि यह हमारे लिए प्रेरणा का एक जीवंत स्रोत है, जो राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक बन चुका है। स्कूल और कॉलेजों में विद्यार्थियों को इन वीरों के जीवन और बलिदान की जानकारी दी जाए, ताकि सशक्त राष्ट्रभक्त तैयार हो सकें।न्यायमूर्ति सिंह ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता में बड़ी संख्या में देशवासियों ने अपने प्राण न्योछावर किए। ऐसे में शहीद वॉल जैसे स्मारक और स्मार्ट जोन जैसे आधुनिक प्रयास ऊर्जा और प्रेरणा के बड़े स्रोत हैं। यहां आने वाला हर व्यक्ति स्वतंत्रता आंदोलन की कहानियों से भाव-विभोर हो सकता है। उन्होंने खास तौर पर इस आधुनिक तकनीक की सराहना की, जिसमें तिरंगे को सलामी देने पर स्वतः शहीदों की गौरव गाथाएं सुनाई देती हैं।
शहीद वॉल के संस्थापक वीरेंद्र पाठक ने बताया कि स्मार्ट जोन में खड़े होकर भारतीय तिरंगे को सलामी देने पर प्रयागराज के स्वतंत्रता आन्दोलन और वहां प्रदर्शित 30 अमर शहीदों की गाथाएं स्वचालित रूप से सुनाई देंगी। जैसे-जैसे सलामी जारी रहेगी, क्रमवार सभी शहीदों के साहस, त्याग और बलिदान की कहानियां सुनाई जाती रहेंगी। इसमें स्वतंत्रता संग्राम के दो अलग-अलग दौर के इतिहास को भी शामिल किया गया है, जिससे आगंतुकों को उस समय की वीरता और संघर्ष का जीवंत अनुभव हो सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें