यूपी में 35 लाख विद्युत उपभोक्ताओं के घर लगे स्मार्ट मीटर

लखनऊ 21 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा एवं बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के उद्देेश्य सेअभी तक 35 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं जबकि पूरे प्रदेश में लगभग दो करोड़ 73 लाख मीटर लगाये जाने का लक्ष्य है।

उप्र पावर कारपोरेशन के चेयरमैन डॉ आशीष गोयल का कहना है कि उपभोक्ताओं के परिसरों में लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर के बारे में यह गलत भ्रम पैदा किया जा रहा है कि वे तेज चलते हैं, ज्यादा खपत दिखाते हैं, और बिल ज्यादा आता है। जबकि यह केवल वास्तविक खपत दिखाता है। स्मार्ट मीटर पूरी तरह सुरक्षित पारदर्शी और उपभोक्ताओं के हित में है।
कारपोरेशन के मुताबिक 15 अगस्त तक स्थापित 3405066 स्मार्ट मीटरों के सापेक्ष 166304 चेक मीटर स्थापित किए गए हैं। स्थापित स्मार्ट मीटरों के सापेक्ष 5 प्रतिशत चेक मीटर स्थापित करने का प्रावधान है। अधिकारियों के मुताबिक उपभोक्ताओं की संतुष्टि के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मीटरों की जांच रिर्पोट से भी उपभोक्ताओं को रूबरू कराया जाये। यह भी सुविधा है कि उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर की रीडिंग पर यदि संदेह हो तो चेक मीटर लगाकर उपभोक्ता की शंका का समाधान कर उन्हें संतुष्ट कर दिया जाये।
गौरतलब है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर स्थापित होने के उपरांत उपभोक्ता उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अधिकृत मोबाइल ऐप यूपीपीसीएल स्मार्ट कंज्यूमर ऐप के माध्यम से दिन प्रतिदिन घण्टे-घण्टे की खपत देख सकता है और बिजली खपत पर नियंत्रण रख सकता है। इसके अलावा ऐप के माध्यम से तथा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर उपभोक्ता शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

टिप्पणियाँ