आकांक्षात्मक ब्लॉक ब्रह्मपुर के बीस आंगनबाड़ी केंद्रों की सूरत बदली
इस अवसर पर फाउंडेशन के समन्वयक सिद्धालिंगेश बी ने बताया कि इन सभी केंद्रों पर पर आवश्यकतानुसार भवन मरम्मत के साथ-साथ सोलर पैनल, पंखे और बल्ब, बच्चों के अनुकूल शौचालय, आरओ प्लान्ट, बाल पोषण आहार के लिये किचन, शुद्ध पेयजल, बच्चों के अनुशासन के लिये कुर्सी, मेज, मैट, आकर्षक और सुरक्षित झूले, खिलौने, शिक्षकों को आलमारी, कुर्सी, लॉकर युक्त मेज और बच्चों के मनोरंजन तथा रोचक जानकारियों के लिये स्मार्ट टीवी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
फाउंडेशन के सहायक प्रबंधक निशांत कुमार ने बताया कि उच्चीकरण के समस्त कार्य स्वयंसेवी संगठन सेफ सोसाइटी की मदद से किए गए हैं। पहले इन सभी केंद्रों पर पर्याप्त बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। अब यह केंद्र पूरी तरह से सशक्त हो चुके हैं। यह हर्ष की बात है कि अब इन केंद्रों के भवनों की मरम्मत भी हो चुकी है। पेंटिंग के साथ-साथ रोचक एवं बाल-मनानुकूल भित्ति-चित्रण भी किया गया है। सभी खिड़कियाँ व दरवाजे लग गए हैं। यह सभी केंद्र अब आकर्षक और उपयोगी स्वरूप में बदल गए हैं।
इस अवसर पर सेफ सोसाइटी संस्था के निदेशक विश्व वैभव शर्मा ने बताया कि ब्रह्मपुर ब्लॉक के लक्ष्मणपुर, परसौनी, कोल्हुआ, राजधानी (घटौली घाट), मीठाबेल, सिंहपुर, जमरु, जादूपुर, करौटा, बिशुनपुर, कोना सोनबरसा, नदुआ ज्ञानपार, सरार मझगांवा, डुमरी, बकसुदी, लक्ष्मणपुर (पंचायत भवन), बेनीजोत खरहरा और डुमरैला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का उच्चीकरण ‘‘एसबीआई हर्षोदय प्रोजेक्ट’’ के तहत कराया गया है। परियोजना के सफल क्रियान्वयन में एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग के साथ-साथ जिला कार्यक्रम विभाग का विशेष योगदान रहा है।
उद्घाटन अवसर पर आईसीडीएस एसोसिएशन की ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सोनिका खरवार, बृजेश मणि मिश्रा , कृष्ण कुमार , अभिषेक पाठक , आशीष , सिमरन सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें