श्री काशी विश्वनाथ का कोडी तीर्थं के पवित्र जल से जलाभिषेक
वाराणसी, 9 अगस्त (वार्ता) कुछ समय पूर्व श्री रामनाथ स्वामी मंदिर, रामेश्वरम और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी के मध्य एक ऐतिहासिक व पवित्र परंपरा का शुभारंभ हुआ था, जिसके अंतर्गत दोनों ज्योतिर्लिंगों के बीच पवित्र तीर्थ जल एवं रज का पारस्परिक आदान-प्रदान किया गया। शनिवार को श्रावण पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री विश्वेश्वर का कोडी तीर्थं के जल से जलाभिषेक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग से पधारे श्री सी.आर.एम. अरुणाचलम और पूज्य कोविलूर स्वामी के साथ-साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर कार्यपालक समिति के अध्यक्ष मंडलायुक्त वाराणसी श्री एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी वाराणसी श्री सत्येंद्र कुमार सहित अन्य श्रद्धालुओं ने तीर्थ जल से श्री काशी विश्वनाथ महादेव का अभिषेक किया। अभिषेक के पश्चात दक्षिण भारत से तीर्थ जल लेकर आए श्रद्धालुओं को महादेव के सुगम दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।मंडलायुक्त श्री एस. राजलिंगम ने बताया कि यह पुनीत पहल भारतवर्ष की सनातन परंपरा, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रधर्म को नई दिशा प्रदान करती है। यह परंपरा सनातन धर्म के अनुयायियों को उत्तर और दक्षिण भारत की पवित्र परंपराओं के सामंजस्य का दिव्य अनुभव कराएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें