अधिकारियों की कार्यशैली पर बिफरे राधामोहन दास
लखनऊ, 6 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद राधामोहन दास अग्रवाल ने अधिकारियों को उनकी कार्यशैली को लेकर जमकर फटकार लगाई है।श्री अग्रवाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “ इसी को थूक कर चाटना कहते हैं लेकिन अभी भी अधूरा चाटा जा रहा है असुरन से लेकर खजांची चौराहे तक नाला तोड़ना होगा। मेरा कोई निजी झगड़ा नहीं था। मजबूरी थी कि मैं शहर का विधायक था और देख रहा था कि अधिकारी मूर्खतापूर्ण काम कर रहे थे। हमारी जिम्मेदारी पहले नागरिकों की थी और मुझे सड़कों पर आकर लड़ाई लड़नी पड़ी हमारे ही दल के लोगों ने दल विरोधी सिद्ध करना चाहा।”
उन्होंने कहा “ नागरिकों से मैं सिर्फ इतना ही कहूंगा किसी को भी चुनिये लेकिन कायरों को मत चुनिये और जनप्रतिनिधि खतरे लेकर लड़ें तो उसके साथ खड़े होईये।”
गौरतलब है कि गोरखपुर में एचएन सिंह चौराहे से खजांची चौराहे से बीच स्थित नाले का ढाल सही नहीं होने से इससे सटे मोहल्लों के लोगों को हो रही जलभराव की समस्या से जल्द ही निजात मिल जायेगी। इस नाले को तोड़कर इसका फिर से निर्माण कराया जाएगा। साथ ही खजांची चौक से फातिमा बाईपास की ओर से अधूरे नाले का भी निर्माण पूरा कराया जायेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें