‘अटल शताब्दी आवासीय योजना’ को लेकर लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने योगी का जताया आभार
लखनऊ, 05 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने मेरठ शहर में शुरू होने जा रही टाउनशिप योजना को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल शताब्दी आवासीय योजना करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि लंबे समय से यह एक सपना था जो अब पूरा हुआ है।श्री वाजपेयी ने कहा , “ मैने मुख्यमंत्री से आग्रह किया था कि आप मेरठ में आवासीय योजना की शुरुआत करने आ रहे हैं। मेरा आग्रह है कि आप इसका नामकरण पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से करें।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस आग्रह को स्वीकार करते हुए कार्यक्रम के दौरान ही मंच से इस योजना का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने की घोषणा की। इसके लिए उनका बहुत बहुत आभार। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बाजपेयी राज्यसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक भी हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को मेरठ में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत 2,517 करोड़ रुपये की लागत वाली नवीन इंटीग्रेटेड टाउनशिप परियोजना का भूमिपूजन कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया था।
योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में शुरू की गई इस विशाल टाउनशिप परियोजना को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित करते हुए इसे ‘अटल शताब्दी’ के नाम दिया। यह परियोजना रैपिड रेल के निकट होने के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के नागरिकों के लिए सस्ते और टिकाऊ आवास उपलब्ध कराएगी।
यह टाउनशिप मेरठ को एक नया स्वरूप देगी, जिसमें आवासीय, औद्योगिक और वाणिज्यिक सुविधाओं के साथ-साथ स्कूल, तकनीकी संस्थान और मेडिकल कॉलेज भी होंगे। इस परियोजना से लाखों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और मेरठ को विकास का एक नया केंद्र बनाया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें