देश की पंचायतों को स्व. राजीव गांधी ने दी ताकत: अजय राय
वाराणसी, 20 अगस्त (वार्ता) भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मैदागिन चौराहे पर स्थित भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और तिरंगा पगड़ी पहनाकर उनकी जयंती मनाई।
श्री राय ने कहा कि काशी की परंपरा के अनुरूप स्व. राजीव गांधी की जयंती मनाई गई। उन्होंने बताया कि स्व. राजीव गांधी ने देश के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने पंचायतों, ब्लॉकों और ग्राम प्रधानों को सशक्त बनाया और उन्हें अधिकार प्रदान किए।आधुनिक भारत के शिल्पकार, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती को “सद्भावना दिवस” के रूप में मनाया गया। उन्होंने भारत को 21वीं सदी में ले जाने की नींव रखी और कंप्यूटर, टेलीकॉम, पंचायती राज व्यवस्था तथा युवाओं को अवसर प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए।
इस अवसर पर “13 दिन, 13 ब्लॉक: कांग्रेस की 100 वार्ड पदयात्रा” की शुरुआत भी की गई। इस पदयात्रा का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी का झंडा दिखाकर किया। उन्होंने काल भैरव ब्लॉक से शुरू हुई पदयात्रा में शामिल होकर जनता से संवाद भी किया।
श्री राय ने कहा, “आधुनिक भारत के प्रणेता ‘भारत रत्न’ पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। आज सद्भावना दिवस पर हम उनके सपनों को याद करते हुए उनके संकल्प को दोहराते हैं। कांग्रेस पार्टी उनके आदर्शों पर चलकर ही आगे बढ़ रही है।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें