बारिश के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल रखने में प्रयासरत है विद्युतकर्मी : शर्मा
लखनऊ, 4 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा है कि बारिश और बाढ़ की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद विद्युतकर्मी निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिये निरंतर प्रयासरत है, हालांकि उनके इस काज में मदद करने के लिये लोगों को संयम बनाये रखने की जरूरत है।प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से विद्युत आपूर्ति में कई जिलों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। कई जिलों में पेड़ गिरने से तार टूटने और बाढ़ के पानी में ट्रांसफार्मर के डूबने की खबरें आ रही हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए ऊर्जा मंत्री अने अधिकारियों से विद्युत आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है और लोगों से भी संयम बरतने की अपील की है।
श्री शर्मा ने सोमवार को कहा कि अतिवृष्टि एवं बाढ़ के कारण पानी भरने से राज्य में अनेक उपकेंद्रों और फीडरों पर विद्युत व्यवस्था बाधित हुई है। इसके साथ ही विद्युत प्रवाह के कारण दुर्घटना की भी संभावना बनी रहती है। उन्होने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा “ पेड़ हो या पानी; गाँव हो या शहर; हर जगह हमारे विद्युत कर्मी आपकी सेवा में लगे हैं। मैंने यूपीपीसीएल एवं संबंधित सभी डिस्कॉम के एमडी से बात करके आपूर्ति हेतु सजग रहने और विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए पुनः कहा है। इस दौरान आपका संयम एवं सहयोग की जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि भारी बरसात एवं बाढ़ की परिस्थिति के कारण अनेक स्थानों पर बिजली की अवसंरचना प्रभावित हुई है। विशेष रूप से बाँदा, झाँसी, मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा में कई जगह पानी भरने से विद्युत उपकेंद्र और फीडर बंद करने पड़े हैं।
शर्मा ने कहा “ ऐसे में विद्युत आपूर्ति करना संभव या सुरक्षित नहीं होता। आपका सहयोग प्रार्थनीय है। विद्युत कर्मी दिन-रात आपकी सेवा में लगे हैं। पूरा प्रयास है कि जल्दी से जल्दी विद्युत आपूर्ति पूर्ववत कर दी जाये।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें