पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी होंगे विपक्ष के उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार
नयी दिल्ली, 19 अगस्त (वार्ता) इंडिया गठबंधन ने मंगलवार को उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को उप राष्ट्रपति पद के चुनाव में अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
श्री रेड्डी के नाम की घोषणा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज यहां इंडिया गठबंधन की एक बैठक के बाद की। श्री रेड्डी का मुकाबला सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशी सी.पी. राधाकृष्णन से होगा।श्री रेड्डी का जन्म 08 जुलाई 1946 को आंध्र प्रदेश के रंगारेड्डी जिले में एक किसान परिवार में हुआ। उन्होंने 27 दिसंबर, 1971 को हैदराबाद में आंध्र प्रदेश बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में अपना नाम पंजीकृत कराया। आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में रिट और सिविल मामलों में उन्होंने प्रैक्टिस की। श्री रेड्डी ने1988-90 के दौरान उच्च न्यायालय में सरकारी अधिवक्ता के रूप में काम किया। उन्होंने 1990 के दौरान छह महीने की अवधि के लिए केंद्र सरकार के अतिरिक्त स्थायी अधिवक्ता के रूप में भी काम किया था।
श्री रेड्डी ने उस्मानिया विश्वविद्यालय के लिए कानूनी सलाहकार और स्थायी वकील के रूप में काम किया। उन्हें 02 मई, 1995 को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद उन्हें 05 दिसंबर 2005 को गुवाहाटी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया।
वर्ष 2007 से 2011 तक उन्होंने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवा दी थी और 08 जुलाई 2011 को सेवानिवृत्त हुए।
उपराष्ट्रपति के चुनाव में नामांकन की अंतिम तिथि 21 अगस्त है और मतदान नौ सितंबर को कराया जाएगा। मतगणना उसी दिन करायी जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें