तुष्टीकरण से सरकार चलाने वाले आज घर के हैं न घाट के: योगी

मुरादाबाद, 6 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) का नाम लिये बगैर उन पर निशाना साधते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि जो लोग तुष्टीकरण की राजनीति कर के सत्ता में आते थे, वे आज न घर के हैं न घाट के हैं।

पीतल नगरी मुरादाबाद में 79 करोड़ रुपये लागत से निर्मित अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करते हुये उन्होने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग ना तो समाज के साथ खड़े हो पाए, न ही भविष्य की पीढ़ी के साथ। भाजपा की योजनायें तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण पर आधारित हैं। जो बिना भेदभाव के हर व्यक्ति तक पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि एक दौर था जब तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों के लिए सत्ता केवल एक दुकान थी। उन्होंने शिक्षा को नकल, अराजकता और जातिवाद का अड्डा बना दिया था। लेकिन आज वही लोग संतुष्टीकरण को लेकर परेशान हैं। हमारी सरकार तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण के मार्ग पर चलती है। इसीलिए जनता का विश्वास आज भाजपा के साथ है।
मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद के लोगों को रक्षा बंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और घोषणा की कि 8, 9, 10 अगस्त को प्रदेश की सभी बहनों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा दी जाएगी।
योगी ने कहा कि 79 करोड़ की लागत से बने इस विद्यालय को अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष में शुरू किया गया है, जिससे नई पीढ़ी में उनके आदर्श और मूल्य स्थापित हो सकें। यह विद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र है बल्कि संस्कार, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का भी स्रोत बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बीओसी फंड के सार्थक उपयोग की दिशा में दिए गए निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि अब यह धन श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा पर खर्च हो रहा है। पहले की सरकारों में यही धन बंदरबांट और भ्रष्टाचार का जरिया बन चुका था।
उन्होने बताया कि अब तक प्रदेश में 18 अटल आवासीय विद्यालय स्थापित हो चुके हैं, जो 18 हजार से अधिक श्रमिक और अनाथ बच्चों को पूरी तरह निशुल्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहे हैं। उन्होंने इसे शिक्षा के प्रति सरकार की अटल प्रतिबद्धता बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा में भाजपा सरकार ने नकल को समाप्त कर ईमानदार व्यवस्था लागू की है, जिससे उत्तर प्रदेश अब शिक्षा के क्षेत्र में देश में तीसरे और पांचवें स्थान तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण तकनीक, सीनियर-जूनियर हॉस्टल, संपूर्ण आवासीय सुविधा, स्पोर्ट्स, लैब, और कौशल विकास की व्यापक व्यवस्थाएं हैं। कक्षा 12 के बाद उच्च शिक्षा चाहे वो मेडिकल हो या आईआईटी का पूरा खर्च भी सरकार उठाएगी।
समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए उन्होने कहा कि आज समाजवादी पार्टी को पीडीए की अचानक चिंता सताने लगी है, जबकि अतीत में उन्हीं की सरकार में शिक्षा के क्षेत्र में किस प्रकार का व्यवहार हुआ, यह किसी से छिपा नहीं है। कल्याण सिंह सरकार में जब “ग से गणेश” पढ़ाया गया, तब समाजवादी पार्टी ने उसका विरोध करते हुए कहा था कि “ग से गधा” होना चाहिए। भाजपा सरकार जहां बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का काम कर रही है, वहीं समाजवादी पार्टी ने तो गणपति जैसे देवता की भी अवमानना करने में संकोच नहीं किया। उनके कार्यकाल में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई थी। न तो समय पर शिक्षकों की भर्ती हुई, न ही शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने का कोई गंभीर प्रयास हुआ।
उन्होेने कहा कि सपा के कार्यकाल में भाई-भतीजावाद और जातिवादी राजनीति के चलते पूरी प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था चरमरा गई थी। प्रदेश के हर जिले में कोई न कोई माफिया सक्रिय था। पूरे प्रदेश को अराजकता और दंगों की आग में झोंक दिया गया था। नकल को उन्होंने अपना जन्मसिद्ध अधिकार मान लिया था। नकल करवाकर उन्होंने यहां कि युवा पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया था।
योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश न सिर्फ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, बल्कि अपनी समृद्ध विरासत पर भी गर्व कर रहा है। उत्तर प्रदेश आज विरासत, विकास, शिक्षा और ‘एक जनपद एक उत्पाद’जैसे अभियानों से अपनी अलग पहचान बना रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ के तहत स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश एक नई मिसाल बनकर उभरा है। आज समाजवादी पार्टी को शिक्षा का मॉडल देखना हो तो अटल आवासीय विद्यालय देखें। सीएम योगी ने कहा कि 1.54 लाख जर्जर विद्यालयों को ऑपरेशन कायाकल्प के तहत नया जीवन दिया गया और अब मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय की योजना के तहत 57 जनपदों में भी शिक्षा के मॉडल खड़े किए जा रहे हैं।
मुरादाबाद मंडल में अटल आवासीय विद्यालय के शुभारंभ के अवसर पर योगी ने क्लासरूम में जाकर बच्चों से बातचीत भी की। खासकर उन्होंने बालिकाओं से यहां दी जा रही सुविधाओं को लेकर बातचीत की। कुछ बच्चियों को उन्होंने ऑटोग्राफ भी दिया। उन्होंने सभी बच्चों को अपने हाथों से चॉकलेट भी बांटी और फिर अंत में उन्होंने बच्चों के साथ सेल्फी भी ली।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास