शुभांशु शुक्ला का हुआ ऐतिहासिक स्वागत
लखनऊ 25 अगस्त (वार्ता) अंतरिक्ष यात्री व ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का सोमवार को उनके गृह नगर लखनऊ में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
एक्सओम मिशन-4 के सदस्य शुभांशु आज सुबह अमौसी हवाई अड्डा पहुंचे जहां उनका स्वागत उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया। लखनऊ एयरपोर्ट से सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस तक हजारों छात्र छात्रायें और अन्य अन्तरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 'शुक्स' की स्वागत यात्रा में शामिल हुए। आसमान की तरफ लहराते झंडे , पुष्पवर्षा और गगनभेदी नारों से 39 वर्षीय अन्तरिक्ष यात्री का अभूतपूर्व स्वागत देखने लायक था। शुभांशु सीएमएस के छात्र रहे हैं।समारोह की शुरुआत एयरपोर्ट से हुई, जहाँ सीएमएस प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन के नेतृत्व में छात्रों ने बैंड प्रस्तुति दी और अपने गौरवशाली पूर्व छात्र का माल्यार्पण किया। इसके बाद खुले वाहन पर निकलने वाली शोभायात्रा शहर की सड़कों से गुजरी, उनके पीछे हजारों की उल्लसित भीड़ 'जय हिन्द और जय जगत' के नारे लगाती चल रही थी। जी-20 चौराहे पर तो स्वागत समारोह का दृश्य बेहद रोमांचक हो गया, जब हजारों लोगों की तालियों के बीच शुमांशु विनम्रता से हाथ हिलाकर अभिवादन कर रहे थे।
भव्य शोभायात्रा का समापन सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन शाखा पर हुआ। जहां 3000 की संख्या में बच्चों ने परेड निकालकर उनका स्वागत किया। इस दौरान शुभांशु शुक्ला भी बच्चों का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए। परेड कार्यक्रम के बाद शुभांशु शुक्ला ने स्कूल के बाहर प्लांटेशन भी किया।
सीएमएस आडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान प्रो गीता किंगडन ने अपना स्वागत उद्बोधन दिया। प्रो.गाँधी किंगडन ने कहा कि शुभांशु की उपलब्धि केवल स्कूल की नहीं बल्कि हर भारतीय की है। उन्होंने सचमुच विद्यालय के आदर्श वाक्य 'जय जगत' की भावना को साकार किया है। हमें उन पर असीम गर्व है और हम उनके गगनयान मिशन समेत समस्त अन्तरिक्ष कार्यक्रमों की अभूतपूर्व सफलता की कामना करते हैं।
इसके बाद स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गानों पर रंगारंग प्रस्तुति दी। इस दौरान चांद पर पहले भारतीय के रूप में पहुचने वाले विंग कमांडर राकेश शर्मा का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। इस दौरान शुभांशु शुक्ला और उनके पिता शंभु दयाल शुक्ला, माता आशा शुक्ला, पत्नी कामना मिश्रा का प्रो गीता किंगडन, संस्थापिका भारती गांधी ने मंच पर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान शुभांशु की माता आशा शुक्ला को फलों से तौला गया। भारती गांधी ने इस दौरान चुटकीले अंदाज में शुभांशु की पत्नी कामना से पूछो आपने कैसे शुभांशु को चुना । जिस पर सभागार में लोग तालियां बजाते नजर आए।
भारती गांधी के सवालों का जवाब देते हुए शुभांशु ने कहा “ मेरी पत्नी काफी विजनरी है, उन्हें पता चल जाता है कि कब क्या होने वाला है।” संस्थापिका-निर्देशिका डा. भारती गांधी ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा कि शुभांशु 'राष्ट्र का गौरव' है और उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इससे पूर्व एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए पहुंचे यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अपनी जन्मभूमि लखनऊ आगमन पर वायु सेवा के जांबाज़ ग्रुप कैप्टन, अंतरिक्ष यात्री एवं देश की शान शुभांशु शुक्ला का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है।
पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए आज अतिविशेष और महत्वपूर्ण दिन है। एक्सिओम मिशन 4 के मिशन पायलट के रूप में इंटरनेशनल स्पेस सेंटर पर तिरंगा फहराने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज की युवा पीढ़ी और देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव एक प्रेरणास्रोत हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि शुभांशु शुक्ला ने जिस प्रकार से हमारे देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। अंतरिक्ष में भारत की ताकत के प्रतीक के रूप में हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें