वाराणसी में मोदी का जीआई क्राफ्ट से अभिनंदन और स्वागत
वाराणसी, 2 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी में 2200 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के बनौली (कालिक धाम) में जनसभा स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अरघे में शिवलिंग विराजमान, बाबा विश्वनाथ का प्रसाद और अन्य प्रतीक चिह्नों के साथ स्मृति चिह्न भेंट किया। यह भेंट सावन माह के पावन अवसर पर दी गई।
पद्मश्री सम्मानित जीआई विशेषज्ञ डॉ. रजनीकांत ने बताया कि मुख्यमंत्री ने काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री श्री मोदी के श्रावण मास में काशी आगमन पर जनसभा स्थल पर जीआई रजिस्टर्ड बनारस मेटल रिपोंसी क्राफ्ट से निर्मित एक विशेष कलाकृति भेंट की। इस कलाकृति में शिवलिंग, पंचमुखी नाग, नंदी, प्रसाद, कलश में गंगा जल, त्रिशूल, चंदन भस्म और मीनाकारी की चौकी पर सुशोभित कलाकृति भेंट किया।
मेटल रिपोंसी क्रॉफ्ट, मीनाकारी और मेटल कास्टिंग क्राफ्ट का समन्वय है। इसे धातु शिल्पी अनिल कसेरा, रघुनाथ कसेरा और मीनाकारी विशेषज्ञ अरुण कुमार वर्मा ने जीआई विशेषज्ञ के मार्गदर्शन में एक सप्ताह के अथक प्रयास से सावन मास की थीम पर तैयार किया।
शिल्पी समाज इस सम्मान से गौरवान्वित महसूस कर रहा है। डॉ. रजनीकांत ने कहा कि यही जीआई की ताकत है। प्रधानमंत्री ने काशी के सिल्क और भदोही की कालीन के साथ-साथ बुनकरों और शिल्पियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्वदेशी और लोकल से वोकल का आह्वान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें