मुर्मु ने देशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दी
नयी दिल्ली 08 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को रक्षा बंधन के पावन पर्व पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
श्रीमती मुर्मु ने अपने संदेश में कहा,“ रक्षा बंधन के पावन अवसर पर मैं भारत और विदेश में रह रहे सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।”
उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन का यह पावन पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है, जो समाज में सद्भाव और सहयोग की भावना को बढ़ाता है।
उन्होंने कहा,“ यह पर्व हमें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों को सहेजने का अवसर प्रदान करता है। यह पर्व माताओं, बहनों और बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का संदेश देता है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर एक समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लें, जहाँ हर महिला सुरक्षित हो और राष्ट्र के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सके।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें