अन्याय और उत्पीड़न भाजपा का एजेन्डा: अखिलेश
लखनऊ 23 अगस्त (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि वोट की चोरी कर लोगों का अधिकार छीन रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एजेंडा अन्याय और उत्पीड़न है। श्री यादव ने यहां ण्विभिन्न जिलों से आये पीडीए समाज के 65 से अधिक कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होने कहा कि भाजपा लूट का गैंग हैं। इसने संस्थानों और संसाधनों पर कब्जा कर लिया है। भाजपा के झूठ की सीमा नही है। यह सबसे झूठी पार्टी है। लोगों के साथ अन्याय और उत्पीड़न भाजपा का एजेन्डा है। इस सरकार में किसी को भी न्याय नहीं मिल रहा है। भाजपा लोगों के अधिकार छीन रही है। चुनावी प्रक्रिया पर डकैती डाला है। जनता के वोट की लूट की। आने वाला चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। यह फिर एक बार आजादी का चुनाव है। संविधान और अधिकार बचाने का चुनाव है। उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में सभी की भागीदारी रहेगी। सभी को न्याय और सम्मान मिलेगा। प्रदेश में अवरूद्ध हुए विकास के कार्य फिर से शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केन्द्र की भाजपा सरकार ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है। केन्द्र सरकार ने अर्थव्यवस्था बर्बाद कर दिया। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। विदेश नीति फेल हो गयी है। भाजपा सरकार बडे़-बडे़ दावे करती थी कि दुनिया में डंका बज रहा है लेकिन जब जरूरत पड़ी तो कोई देश भारत के साथ नहीं खड़ा हुआ। आपरेशन सिन्दूर के दौरान हमारी सेना मजबूती से लड़ाई लड़ी। सेना पीओके ले लेती लेकिन केन्द्र सरकार ने चूक कर दी।
श्री यादव ने कहा कि चीन हमारे देश की सीमा के लिए खतरा है। केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण चीन ने हमारी सीमा पर घुसपैठ किया। बाजार पर कब्जा कर रहा है। चीन भारत में अपने सामान बेच रहा है लेकिन खाद बनाने के लिए कच्चा माल नहीं दे रहा है। प्रदेश में खाद का संकट है। किसान खाद के लिए लाइनों में लगा है। धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर है। किसानों को खाद के बदले पुलिस की लाठियां मिल रही है। खाद नहीं मिली तो फसलों की उपज पर बुरा असर पडे़गा।उन्होने कहा कि केंद्र सरकार को अपना बाजार मजबूत करना चाहिए। भाजपा की केन्द्र और प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गयी है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार स्कूल बंद कर रही है। शराब की दुकानें की संख्या बढ़ा रही है। अमेरिका के न्यूयॉर्क से ज्यादा शराब की दुकानें अकेले उत्तर प्रदेश में है। भाजपा सरकार नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर रही है। नौकरियां खत्म कर रही है। आउटसोर्स और निजीकरण को बढ़ावा दे रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें