जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिरासो ग्राम पंचायत में चौपाल आयोजित
चौपाल में ग्रामीणों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि विद्युत,जलकल विभाग, सिंचाई/नलकूप विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, खाद्यान्न एवं सार्वजनिक वितरण विभाग, स्वास्थ्य विभाग , समाज कल्याण विभाग तथा महिला कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, खतौनी अंश सुधार, घरौनी के दस्तावेज तथा दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रॉनिक छड़ी आदि सामग्री का वितरण किया गया। ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं की प्रक्रिया व आवश्यक दस्तावेजों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश विकास खण्ड अधिकारी को दिए। शिविर में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे ताकि लोगों को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर सरलता से मिल सकें। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया।
चौपाल के दौरान पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें