बाबा विश्वनाथ के दरबार से श्री लड्डू गोपाल के लिए भेजा गया विशेष उपहार

वाराणसी, 15 अगस्त (वार्ता) जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मथुरा में भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए विशेष उपहार सामग्री को श्री काशी विश्वनाथ महादेव के समक्ष विधि-विधानपूर्वक पूजित कर भगवान विश्वेश्वर से अवलोकित कराया गया।

तत्पश्चात इस पावन सामग्री को श्रीकृष्ण जन्मस्थान, मथुरा के लिए श्रद्धापूर्वक प्रेषित किया गया। इस अवसर पर पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह सांस्कृतिक संप्रेषण संपन्न हुआ, जिसमें मंदिर न्यास के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
सनातन संस्कृति के दो प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र, मथुरा और काशी, जिनकी परंपराएं भारत की सांस्कृतिक चेतना में गहराई से रची-बसी हैं, उनके मध्य परस्पर श्रद्धा, समर्पण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक अनुपम दृश्य पुनः साकार हुआ। वर्ष 2024 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम से भगवान श्री विश्वनाथ द्वारा श्रीकृष्ण जन्मस्थान, मथुरा में श्री लड्डू गोपाल को उपहार प्रेषित करने तथा रंगभरी एकादशी पर श्री काशी विश्वनाथ महादेव द्वारा भगवान लड्डू गोपाल को और मथुरा से भगवान लड्डू गोपाल द्वारा श्री विश्वेश्वर महादेव को भेंट अर्पित करने की जो नवीन परंपरा आरंभ की गई थी, उसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर यह धार्मिक कार्य पुनः संपन्न हुआ।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अस्वस्थता के कारण इस शुभ आयोजन में उनकी उपस्थिति संभव नहीं हो सकी। उनके निर्देशानुसार, डिप्टी कलेक्टर श्री शम्भू शरण को प्रशासनिक प्रतिनिधित्व एवं दायित्वों का निर्वहन करने के लिये अधिकृत किया गया। उनके नेतृत्व में मंदिर न्यास के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास