योगी ने सपा को बताया ‘कौरव दल’

मुरादाबाद, 6 अगस्त (वार्ता) पीतलनगरी मुरादाबाद में विकास योजनाओं की सौगात लेकर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) को ‘कौरव दल’ की संज्ञा दी।

उन्होंने कहा “ पहले ‘कौरव दल’ चाचा, भतीजा, भाई, काका, नाना के साथ वसूली में जुट जाता था, लेकिन 2017 के बाद जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भर्ती और ट्रांसफर में कोई धन उगाही नहीं हो सकती। पिछले आठ वर्षों में 2 लाख 16 हजार पुलिस भर्तियां पारदर्शी तरीके से हुईं, जिनमें 60,244 नई भर्तियों में 12,245 बेटियों को शामिल किया गया। योगी ने कहा, "जो पैसा लेगा, वह जेल में सड़ेगा।”
योगी ने कहा कि सपा सरकार ने शिक्षा में नकल को जन्मसिद्ध अधिकार बना दिया था, जिसके कारण युवाओं के सामने पहचान का संकट पैदा हो गया था। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, ‘श्रद्धेय कल्याण सिंह ने बच्चों को 'ग से गणपति' पढ़ाने का कार्य किया, लेकिन सपा सरकार ने 'ग से गधा' पढ़ाने का काम किया।’ उन्होंने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पाठशाला को शिक्षा व्यवस्था को चौपट करने का प्रयास करार दिया। उन्होने कहा कि सपा ने शिक्षा के मंदिरों को ध्वस्त कर दिया था, लेकिन वर्तमान सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत अत्याधुनिक शिक्षा के केंद्र स्थापित कर रही है, जैसे अटल आवासीय विद्यालय और मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत डिजिटल क्लास, स्मार्ट क्लास, डिजिटल लैब, पेयजल, बालक और बालिकाओं के लिए अलग अलग टॉयलेट बनाये गये हैं। जो भवन जर्जर थे उन्हें शिफ्ट करने के आदेश दिये गये, मगर कांग्रेस और सपा अपने संस्कारों के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को चौपट करने के लिए पीडीए पाठशाला के नाम पर दुष्प्रचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' का एजेंडा था और हर जिले में दंगे भड़काए जाते थे। इसके विपरीत, आज उत्तर प्रदेश दंगा-मुक्त है और 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट', 'वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज' और 'वन कमिश्नरी वन यूनिवर्सिटी' जैसे विकासोन्मुखी योजनाओं पर काम हो रहा है। योगी ने सपा पर आतंकियों का समर्थन करने का भी आरोप लगाया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास