“पीडीए पाठशाला” को लेकर मचा घमासान, भाजपा-सपा के बीच वॉर पलटवार

लखनऊ, 11 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश में सोमवार से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा एमएलसी ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से पीडीए पाठशाला को लेकर माफी मांगने की मांग की है।

दरअसल विधानसभा के बाहर बीजेपी के मुख्यालय के सामने भाजपा के एमएलसी सुभाष यदुवंश की तरफ़ से एक पोस्टर लगाया गया है जिसमे कहा गया है कि “ सपा की पीडीए पाठशाला का काला सच । प्रदेश का कौन अभिभावक अपने बच्चे को पढ़ाना चाहता है ए फॉर अखिलेश और डी फॉर डिंपल ।”
भाजपा के इस पोस्टर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व एमएलसी सुनील यादव साजन ने हमला बोलते हुए कहा है कि अखिलेश यादव की पीडीए पाठशाला की सोच की वजह से ही योगी सरकार को स्कूलों के मर्जर का फैसला वापस लेना पड़ा। कोर्ट ने भी इनको फटकार लगाई थी।
सपा नेता ने कहा की योगी सरकार जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है। जनता इनकी मंशा को समझ रही है।
गौरतलब है कि सपा बीते कुछ दिनों से जिलों में पीडीए पाठशाला चला रही है। लखनऊ में सपा नेता के द्वारा पीडीए पाठशाला चलाए जाने पर उन पर एफआईआर हो चुकी है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर कम छात्र संख्या का हवाला देकर विलय किए गए प्राथमिक विद्यालय उमरभारी में पीडीए पाठशाला चलाए जाने पर सपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

टिप्पणियाँ