जब राजा जागता है तो जनता निर्विघ्न सोती है : दयाशंकर
लखनऊ 14 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विधानभवन में कहा कि जिस राज्य का राजा जागता है तो उस राज्य की जनता निर्विघ्न होकर सोती है, और यही रामराज की वास्तविक पहचान है।
विजन डॉक्यूमेंट और विकसित उत्तर प्रदेश 2047 पर केंद्रित उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे विधानमंडल सत्र के दौरान दयाशंकर सिंह देर रात तकरीबन दो बजे से सवा तीन बजे तक अपने सहयोगी सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर और विधायक राकेश सिंह के साथ मीडिया सेंटर पर पहुंचे।उन्होने कहा कि 11 अगस्त से शुरू हुआ मानसून सत्र का मुख्य आकर्षण ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ विजन डॉक्यूमेंट पर केंद्रित है जिसके लिये 24 घंटे की विशेष चर्चा हम यहां उपस्थित हैं। उस चर्चा में सत्ता और विपक्ष के सदस्य पूरी रात उत्साहपूर्ण हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान सभा का यह सत्र न केवल ‘विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ के विजन को मूर्त रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जनहितकारी योजनाओं को लागू करने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 24 घंटे की चर्चा के फैसले के लिए बधाई दी और कहा कि उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम और विकसित प्रदेश बनाने के लिए सभी विधायकों के विचार सुनना आवश्यक है। गौरीगंज (अमेठी) के विधायक राकेश प्रताप सिंह ने मथुरा में श्री बांके बिहारी मंदिर न्यास अध्यादेश 2025 पर भी योगी सरकार की सराहना की। कहा कि यह अध्यादेश मंदिर की व्यवस्था को और मजबूत करेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें