आईटीआई में चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू
लखनऊ, 18 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की चतुर्थ चरण प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के अधिशासी निदेशक तथा एससीवीटी, उत्तर प्रदेश के कार्यकारी निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि तृतीय चरण प्रवेश प्रक्रिया के बाद शेष रिक्त सीटों को भरने के लिए 15 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इन आवेदनों और पूर्व में पंजीकृत अभ्यर्थियों की ग्रुपवार मेरिट सूची तैयार कर संबंधित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को भेज दी गई है।उन्होंने बताया कि सभी गैर-चयनित एवं नवीन आवेदनकर्ताओं की सूची उनके लॉगिन पर उपलब्ध करा दी गई है, जिसके आधार पर अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर सकेंगे। राजकीय संस्थानों में अभ्यर्थियों को अपने गृह जिले और अस्थायी पते से संबंधित जिलेमें उपलब्ध सीटों पर प्रवेश का अवसर मिलेगा।
पहले पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों को सीट आवंटित की जाएगी। इसके बाद उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर नवीन आवेदनकर्ताओं की मेरिट सूची से व्यवसाय आवंटन किया जाएगा। शासनादेश के अनुसार राजकीय संस्थानों में प्रवेश की यह प्रक्रिया 25 अगस्त तक जनपद स्तर पर गठित समिति की देखरेख में पूरी की जाएगी। आवंटित सूची संस्थानों के सूचना पट पर प्रदर्शित की जाएगी और इसकी जानकारी स्थानीय समाचार पत्रों में भी प्रकाशित होगी। निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश, पंजीकरण, आवेदन अपलोड और सत्यापन की अंतिम तिथि 30 अगस्तकी मध्यरात्रि तक निर्धारित की गई है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें