भारत की प्रगति से विश्व की महाशक्तियां चिंतित : कुमार विश्वास
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (वार्ता) अमेरिका के साथ जारी व्यापार तनाव के बीच जाने-माने कवि और पूर्व राजनीतिज्ञ कुमार विश्वास ने शनिवार को कहा कि भारत की आर्थिक तरक्की से दुनिया की कुछ महाशक्तियां चिंतित हैं।
हेलीकॉप्टर सेवा कंपनी स्यंदन एविएशन द्वारा दिल्ली के रोहिणी हेलीपोर्ट से राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम और चुरू जिले में स्थित सालासर बालाजी के लिए सेवा के शुभारंभ के मौके पर श्री विश्वास उसके पहले यात्री बने। उन्होंने मीडिया से बात करते हुये कहा कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना के पुनरुत्थान का यह नया दौर है।उन्होंने कहा, “भारत आर्थिक रूप से भी बहुत आगे बढ़ रहा है जिससे विश्व की महाशक्तियां तक चिंतित हैं, और हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक चेतना है, उसका विकास हुआ है। देश में अपने धर्म क्षेत्रों के प्रति, अपनी मान्यताओं के प्रति गर्वित होने का, स्वाभिमानी होने का एक युग प्रारंभ हुआ है। पहली बार अंग्रेजी नववर्ष के अवसर पर ताजमहल से ज्यादा लोग अयोध्या में राममंदिर के दर्शन करने पहुंचे।” उन्होंने कहा कि बड़ी आईटी कंपनियों में काम करने वाले लोग भी समय निकालकर बृज जाते हैं। यह एक नया दौर है।
उन्होंने नयी सेवा शुरू करने के लिए स्यंदन एविएशन को बधाई देते हुये कहा, “मध्यम वर्ग में और उच्च मध्यम वर्ग में समय की सीमाएं भी तय हैं। ऐसे समय में देवताओं के द्वार तक श्रद्धालुओं को पहुंचाने की एक योजना स्यंदन परिवार ने की है और उसके प्रथम यात्री के रूप में मैं सपरिवार आज जा रहा हूं। मैं आशा करता हूं कि खाटू श्याम और सालासर बालाजी के द्वार तक एक व्यस्त व्यक्ति (एक) दिन में अपना संकल्प पूरा करके आ सकता है। यह बहुत ही शुभ संकल्प है।”
स्यंदन एविएशन के प्रबंधन निदेशक अभिनव सहाय ने कहा कि लोग छह घंटे में खाटू श्याम जी और सालासर बालाजी के दर्शन कर वापस आ सकते हैं। कंपनी की योजना जल्द ही मथुरा-वृंदावन के लिए भी ऐसी ही सेवा शुरू करने की है।
पूरी यात्रा की दूरी करीब 700 किलोमीटर है और इसक किराया 95 हजार रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। इसमें हेलीकॉप्टर के किराये के साथ दोनों मंदिरों तक परिवहन सेवा, मंदिर में वीआईपी दर्शन, प्रसाद और खाटू श्याम में आराम की व्यवस्था शामिल है।
यह एक दैनिक सेवा होगी। हेलीकॉप्टर सुबह 9.30 बजे रोहिणी हेलीपोर्ट से उड़ान भरेगा और अपराह्न 2.30 बजे वापस आ जायेगा

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें