अयोध्या में डोगरा रेजीमेंट में अग्निवीर भर्ती शुरू

अयोध्या 05 अगस्त (वार्ता) डोगरा रेजीमेंट के कर्नल एसके मोर ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली आज डोगरा रेजिमेंटल ग्राउंड, अयोध्या कैंट में आरंभ हुई, जिसमें अमेठी और कौशांबी जिलों के उम्मीदवारों ने भाग लिया।

यह रैली उत्तर प्रदेश के तेरह जिलों के युवा उम्मीदवारों को सुनहरा अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सेना और नागरिक प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का प्रमाण है। भर्ती रैली के शुभारंभ अवसर पर हेडक्वार्टर रिक्रूटिंग ज़ोन (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के डीडीजी रिक्रूटिंग (स्टेट्स) ब्रिगेडियर स्वर्ण सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित उम्मीदवारों को प्रेरणा देते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें अपने सर्वाेत्तम प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
अमेठी से 488 उम्मीदवारों ने रिपोर्ट किया जबकि कौशांबी से 333 उम्मीदवार पहुंचे। इन सभी युवाओं ने पहले ही ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम उत्तीर्ण कर लिया है और अब पूरी तैयारी एवं आत्मविश्वास के साथ मैदान में अपने कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। सेना एवं नागरिक प्रशासन के तालमेल से रैली की व्यवस्थाएं बेहतरीन रूप से संचालित की गईं। ग्राउंड प्रबंधन, जल व्यवस्था, चिकित्सा सहायता और प्रवेश नियंत्रण जैसी सभी व्यवस्थाएं अत्यंत सटीकता से की गईं, जिससे प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिला। यह संयुक्त प्रयास जनता में विश्वास को सशक्त करता है और आयोजन की पारदर्शिता को दर्शाता है।
उम्मीदवारों ने 1.6 किमी दौड़, ज़िगजैग बैलेंसिंग, खाई कूद और चिन-अप जैसी शारीरिक परीक्षाएं दीं। इसके बाद उनकी ऊँचाई, वज़न एवं सीने का माप लिया गया। जो उम्मीदवार इन सभी चरणों में फिट पाए गए, उन्हें दस्तावेज़ सत्यापन के लिये भेजा गया। दस्तावेज़ी जांच में सफल प्रतिभागियों को आगे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। उम्मीदवारों को बार-बार यह संदेश दिया गया कि वे दलालों के झांसे में न आएं और पूरी तरह अपने प्रयास और योग्यता पर विश्वास रखें। सेना में भर्ती की प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी होती है, जहां सफलता केवल मेहनत एवं प्रदर्शन पर आधारित होती है। नए प्रावधान जैसे दौड़ समय में वृद्धि और दो नए एन्क्लोजर की व्यवस्था ने आज के आयोजन को और अधिक समावेशी बना दिया। इन नीतिगत बदलावों से अधिक संख्या में उम्मीदवार मेरिट में आने के योग्य बन सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को दूसरी डिस्पैच में भी शामिल किया जाएगा, जिससे उनकी सफलता के अवसर और बढ़ जायेंगे। रैली ग्राउंड पर उत्साह, गर्व और सेवाभाव की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। उम्मीदवार अनुशासन में मार्च करते हुए एकता और संकल्प की मिसाल बने। आज का दिन कई युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक यात्रा की शुरुआत है, जिसमें भारतीय सेना अग्निवीरों की अगली पीढ़ी का स्वागत करने के लिए तत्पर है। इस सफल आयोजन के लिए अयोध्या के नागरिक प्रशासन का सहयोग विशेष रूप से सराहनीय रहा। उनके समर्थन ने रैली के संचालन को सुचारू एवं गरिमामय बनाया। आगामी दिनों में रैली इसी उत्साह के साथ उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के युवाओं का स्वागत करेगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास