कश्मीर घाटी में पहली मालगाड़ी का पहुँचना महत्वपूर्ण मील का पत्थर: मोदी

नयी दिल्ली, 09 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर घाटी में पहली मालगाड़ी के आने की सराहना करते हुए शनिवार को कहा कि घाटी को मालगाड़ी के राष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़ने में यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के एक पोस्ट पर श्री मोदी ने कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर में प्रगति और समृद्धि दोनों बढ़ेगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''जम्मू-कश्मीर में वाणिज्य और कनेक्टिविटी के लिए शानदार दिन! इससे प्रगति और समृद्धि दोनों बढ़ेगी।''
इससे पहले श्री वैष्णव ने एक्स पर लिखा, ''कश्मीर घाटी पहुँची पहली मालगाड़ी। नये शुरू किये गये कश्मीर घाटी के अनंतनाग गुड्स शेड में आज पंजाब से पहली मालगाड़ी पहुँची। यह कश्मीर घाटी को राष्ट्रीय माल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।''
इसके साथ रेल मंत्री ने कश्मीर घाटी में पहली मालगाड़ी का वीडियो भी शेयर किया है।
सीमेंट से लदे 21 डिब्बों को लेकर मालगाड़ी ने करीब 600 किलोमीटर की यह यात्रा 18 घंटे से भी कम समय में पूरी की। इस ट्रेन से लाये गये सीमेंट का उपयोग कश्मीर घाटी में सड़कों, पुलों, सार्वजनिक बुनियादी ढाँचे और आवासीय भवनों के निर्माण सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए किया जायेगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास