चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को प्रशिक्षित कर प्रोन्नति देगा पावर कारपोरेशन
लखनऊ 07 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन अपने कार्मिकों के लिये और बेहतर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलायेगा। गुरुवार को उप्र पावर कारपोरेशन अध्यक्ष डॉ आशीष गोयल ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुये कहा कि कार्मिकों के बेहतर भविष्य के लिये उनकी प्रोन्नति हेतु क्षमता और कुशलता के अनुरूप उन्हें तृतीय श्रेणी के पदो पर प्रोन्नति देने हेतु विचार किया जाये। इसके लिये आवश्यक प्रशिक्षण एवं चयन प्रक्रिया निर्धारित कर ली जाये।
कार्मिक विभाग की समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुये गोयल ने कहा कि किसी भी संस्थान की बेहतरी के लिये यह जरूरी है कि उसके कार्मिक लगातार उचित एवं समयानुकूल प्रशिक्षण प्राप्त करते रहें। इसके लिये आवश्यक व्यवस्थायें और योजनायें बना ली जाये। प्रशिक्षण की व्यवस्था में सभी संवर्ग को शामिल किया जाये। उन्होंने कहाकि विद्युत एक अत्यन्त महत्वपूर्ण एवं उपभोक्ता सेवा का कार्य है। इसलिये इस विभाग के कार्मिकों को लगातार प्रशिक्षण मिलते रहना चाहिए।गोयल ने कहा कि संविदा कर्मियों सहित सभी कार्मिकों की बायोमैट्रिक उपस्थिति के माध्यम से ही मॉनीटरिंग की जाये तथा वेतन भी उसी अधार पर बनें। अध्यक्ष ने कहा कि संविदा कर्मियों का वेतन समय से मिले यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपकरण सभी अनुरक्षण कार्मियों को मिल जाये यह तय किया जाये।
अध्यक्ष ने कहा कि वार्षिक गोपनीय आख्यायें हर स्तर पर समय से पूरी की जायें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।अध्यक्ष ने कहा कि अनुशासनात्मक कार्यवाईयों पर समयबद्ध रूप से निर्णय लेकर मामले खत्म करें। जिससे कार्मिकों की प्रोन्नति आदि में अनावश्यक विलम्ब न हो।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें