काशी में दुकानदारों ने लगाये स्वदेशी माल की बिक्री के पोस्टर
वाराणसी, 16 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील का असर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देखा जा रहा है। यहां दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर व भीतर ‘यहां स्वदेशी माल बिकता है’ के स्टिकर लगाने शुरु कर दिये हैं।
पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी स्वयं दुकानदारों को इस नेक पहल के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई वीडियो और तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें दुकानदार 'हमारे यहां स्वदेशी माल बिकता है' का स्टीकर लगाते नजर आ रहे हैं।नई सड़क पर कपड़ा व्यापारी महेश गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता और राहुल अग्रहरि ने भी अपनी दुकानों पर 'हमारे यहां स्वदेशी माल बिकता है' का स्टीकर चिपका दिया है। इन दुकानों पर भारत के विभिन्न राज्यों से कपड़े आते हैं। नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान पर दिल्ली, अमृतसर, कोलकाता, अहमदाबाद सहित भारत के अन्य स्थानों से आए स्वदेशी माल की बिक्री होती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें