संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण : राय
लखनऊ, 15 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को कहा कि देश के संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का कुचक्र रचा जा रहा है जो कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्री राय ने 79 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद कहा कि 15 अगस्त 1947 वह ऐतिहासिक दिन था जब हमारे देश ने वर्षों की गुलामी से आजादी प्राप्त की थी, जिसके लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सुभाष चन्द्र बोस, सरदार भगत सिंह चन्द्रशेख आजाद, मौलाना अबुल कलाम आजाद सहित सैकड़ों ज्ञात अज्ञात क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहूति देकर हमें यह आजादी दिलाई थी।उन्होने कहा “ आज देश एक बार फिर उसी दौर से गुजर रहा है जहां देश के संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का कुचक्र रचा जा रहा है जो कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन हमें हताश और निराश होने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि हमें जननायक राहुल गांधी जैसे योद्धा का नेतृत्व मिला है जो लगातार इस देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए सदन से लेकर सड़क तक लड़ रहे हैं।”
श्री राय ने कहा “ हमारा कर्तव्य है कि हम श्री राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपने लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करें। युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। वह आगे आएं अपने कर्तव्यों को समझें और देश के निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करें।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें