सीएमओ गोरखपुर ने खुद दवा खाकर और स्थानीय लोगों को दवा खिला कर किया एमडीए अभियान का उद्घाटन
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि इस बार जिले के बांसगांव, गोला, पाली, पिपरौली और उरुवा ब्लॉक तथा नथमलपुर शहरी क्षेत्र में अभियान चलेगा। अभियान के दौरान विभाग की टीम निर्धारित तिथियों पर सुबह ग्यारह बजे से शाम चार बजे तक दवा खिलाएंगी। दवा का सेवन खाली पेट नहीं करना है। उद्घाटन के दिन सीएमओ सहित एसीएमओ आरसीएच डॉ एके चौधरी, चिकित्सा अधिकारी डॉ शिवानंद मिश्र, डॉ नूतन, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी प्रभात सिंह, शहरी स्वास्थ्य समन्वयक सुरेश सिंह चौहान और डीसीपीएम रिपुंजय पांडेय सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुद दवा का सेवन किया। दवा सेवन के जरिए संदेश दिया गया कि फाइलेरिया से बचाव की दवा पूर्णतः सुरक्षित है और इसका सेवन दो वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को करना है। यह दवा सिर्फ अति गंभीर बीमार लोग, गर्भवती और दो वर्ष से कम उम्र के लोग नहीं करेंगे। एक से दो वर्ष तक के बच्चों को सिर्फ पेट से कीड़े निकालने की दवा खिलाई जाएगी।
डॉ झा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए प्रत्येक ब्लॉक और शहरी क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह भी अपनी टीम और सहयोगी संस्था पाथ, पीसीआई और सीफार के प्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान का सफल आयोजन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सम्बन्धित ब्लॉकों और इकाइयों के लोगों से अपील की कि वह दवा का सेवन अवश्य करें।
मेले में खिलाई गई दवा
पिपरौली सीएचसी के छपिया में लगे मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में भी बूथ लगा कर लाभार्थियों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई गई। सीएमओ डॉ झा ने मेले का निरीक्षण किया और बूथ के माध्यम से दवा खिलाए जाने की पहल को भी देखा। इससे पहले उन्होंने पिपरौली सीएचसी के ओटी रुम और चिकित्सकों के लिए बनाए गए आवासों को भी देखा।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें