एनएबीएल ने मेडिकल प्रयोगशालाओं के लिए नया पोर्टल लांच किया
नयी दिल्ली, 19 अगस्त (वार्ता) भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) के एक घटक बोर्ड राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) ने नया मेडिकल एप्लिकेशन पोर्टल लॉन्च किया जिससे देश की सैकड़ों मेडिकल प्रयोगशालाओं को लाभ मिलेगा।
भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) के अध्यक्ष जक्षय शाह ने आज कहा कि नए पोर्टल के माध्यम से अब ऐसे कार्य, जिन्हें पूरा करने में पहले महीनों का समय लगता था, अब सिर्फ़ दो से तीन घंटे में पूरे हो सकेंगे।उन्होंने इसे भारत के गुणवत्ता तंत्र में सबसे बड़े बदलावों में से एक बताते हुए कहा कि इसी मॉडल को अब अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा ताकि भारत की गुणवत्ता यात्रा में तकनीकी दक्षता, नवाचार और जवाबदेही को केंद्र में लाया जा सके।
एनएबीएल अध्यक्ष, डॉ. संदीप शाह ने कहा कि यह पोर्टल प्रत्यायन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और कुशल बनाने की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है। मल्टी-यूज़र एक्सेस और सरल फीचर्स के साथ यह प्रयोगशालाओं के लिए 'व्यापार में सुगमता' को आसान बना रहा है और भारत की गुणवत्ता प्रणाली को मज़बूत करने की प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से पूरे देश की सैकड़ों मेडिकल प्रयोगशालाओं को लाभ मिलेगा। अब उन्हें आईएसओ 15189:2022 के अंतर्गत मान्यता के लिए एक पारदर्शी, कुशल और सहज डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा।
नया एनएबीएल मेडिकल एप्लिकेशन पोर्टल मेडिकल प्रयोगशालाओं के वास्तविक संचालन को ध्यान में रखकर पुनः विकसित किया गया है। यह प्रयोगशालाओं को एक सुव्यवस्थित आवेदन प्रक्रिया, बेहतर उपयोगकर्ता अनुभव, कम समय और अधिक सटीकता प्रदान करेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें