काशी से मेरठ के लिये चली वंदे भारत ट्रेन
वाराणसी, 27 अगस्त (वार्ता) वंदे भारत एक्सप्रेस (मेरठ सिटी-लखनऊ-मेरठ सिटी) गाड़ी संख्या 22490/22489 का परिचालन अयोध्या धाम के रास्ते वाराणसी जंक्शन तक विस्तारित किया गया है।
प्रदेश के आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', कैंट विधानसभा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अन्य जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों ने बुधवार को सुबह नौ बज कर दस मिनट पर हरी झंडी दिखाकर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को रवाना किया।डॉ. मिश्र ने कहा कि आज काशी के लिए विशेष दिन है। विकास के पथ पर अग्रसर काशी के साथ वंदे भारत ट्रेन के माध्यम से एक नया अध्याय जुड़ गया है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि काशी को लगातार नई सौगातें मिल रही हैं। काशी की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती है।
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन वाराणसी से अयोध्या और लखनऊ होते हुए मेरठ पहुंचेगी। वाराणसी जंक्शन से इस ट्रेन के प्रथम प्रस्थान को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें