बिजली उपभोक्ताओं को दें समय पर सही रीडिंग का बिल: गोयल
लखनऊ 27 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन अध्यक्ष डॉ आशीष गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ता को समय पर सही रीडिंग बिल मिलेगा तभी वह अपना बिल आसानी से जमा करेगा। यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप अपने मीटर रीडर से गुणवत्ता परक मीटर रीडिंग कराकर समय पर उपभोक्ता तक पहुंचायें।
बुधवार को बिलिंग की समीक्षा करते हुए डॉ आशीष गोयल ने कहा कि गलत और त्रुटि पूर्ण बिल की अनेक शिकायतें आ रही हैं जो कि खत्म होनी चाहिए। इसकी पूरी जिम्मेदारी आपकी है कि वह समय से सबको सही बिल उपलब्ध कराएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मीटर रीडर के कार्यों की समीक्षा करिए, तकनीक से उसको ट्रैक करिए, और वह सही बिलिंग कर रहा है या नहीं। आप सब की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक उपभोक्ता को सही बिल समय से प्राप्त हो इसलिए आपकी बिलिंग कंपनियों को लगाया गया है।डॉ. गोयल ने कहा कि कानपुर में खराब मीटर की कुछ शिकायतें आई हैं वहां अभियान के रूप में खराब मीटर बदल दीजिए। असिस्टेंट मीटर रीडिंग भी सभी जगह होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिलिंग और उसकी गुणवत्ता की प्रतिदिन अधिशासी अभियंता द्वारा तथा सप्ताह में मुख्य अभियंता द्वारा समीक्षा होनी चाहिए। जिसके बेहतर परिणाम आएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर लग रहे हैं। इनके पूर्ण रूप से लगने के बाद उपभोक्ताओं को गलत बिल मिलने आदि की शिकायतें समाप्त हो जाएगी। उपभोक्ता अपनी खपत भी देख सकेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें