शुभकामना और 100 रुपया अपने पास रखें अखिलेश : राजभर
लखनऊ 16 सितंबर (वार्ता) अपने जन्मदिन पर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिये गए बयान पर पलटवार करते हुये सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि समाज को बांटने की राजनीति करने वाले अपनी शुभकामनाएं और अपना 100 रुपया अपने पास ही रखें। हमारे पास पैसा भले न हो, लेकिन ईमानदारी और जनता की सेवा का संकल्प है।
श्री राजभर ने एक्स पर लिखा “ समाजवादी पार्टी को सिर्फ पैसा ही दिखाई देता है। सपा सरकार में पैसों की लूट-खसोट करते रहे, इसलिए आज भी जन्मदिन की शुभकामनाएं देने की जगह पैसों के आधार पर बातें कर रहे हैं। सत्ता से दूर हुए साढ़े आठ साल बीत चुके हैं, कमाई का रास्ता बंद हो गया है, इसलिए अब 100 रुपये की बात कर रहे हैं। अगर सत्ता में बने रहते तो करोड़ों-अरबों से नीचे बात ही नहीं करते।”उन्होने कहा “ ईश्वर करे जनता के पैसों से महलों में ऐश करने वाले अब पाई-पाई का हिसाब रखें। मेरे जन्मदिन पर अखिलेश यादव जी की शुभकामनाओं की मुझे कोई जरूरत नहीं है। हमारे शुभ की कामना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं, जो वास्तव में जनता के लिए सोचते हैं। जनता के हित में काम करने वाले नेताओं की शुभकामनाएं मेरे लिए काफी है।”
सुभासपा अध्यक्ष ने कहा “ हां, इतना जरूर है कि अगर कभी अखिलेश यादव को बुरे वक्त में जरूरत पड़ी तो हम अपने खेत से निकलने वाले अनाज और सब्ज़ी की मदद देने से पीछे नहीं हटेंगे, क्योंकि हमारी संस्कृति मदद करने की है, दिखावा करने की नहीं।”
वहीं अखिलेश यादव के बयान को लेकर मंगलवार को सुभासपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरविंद राजभर ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा “ मंत्री ओमप्रकाश राजभर के जन्मदिन पर अखिलेश यादव का अपरिपक्व बयान उनकी घबराहट और हताशा को दर्शाता है। यह वही अखिलेश हैं, जिनके शासन में अति पिछड़ों की आवाज़ हमेशा दबाई गई। जिन्हें अपने अस्तित्व के लिए दूसरों के कंधे की ज़रूरत पड़ती है, वे आज ओपी राजभर जैसे जननेता पर टिप्पणी कर रहे हैं। सच यह है कि अखिलेश यादव को राजभर समाज की बढ़ती ताक़त और ओमप्रकाश राजभर का जनाधार पच नहीं रहा है। कटु सत्य यह है कि अति पिछड़ों का सम्मान करना अखिलेश जी की संस्कृति में कभी रहा ही नहीं।”
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने सवालिया लहजे में पूछा कि आज ओम प्रकाश राजभर का जन्मदिन है। आप कुछ कहेंगे, इस पर अखिलेश यादव ने सपाट लहजे में सवाल किया,“ मैं क्या करूं। जन्मदिन उनका है तो मैं क्या करूं इसके लिए। 100 रुपये से काम चलता हो तो भिजवा दें। हम तो 100 रुपये ही देते हैं उन्हें, चाहे जिनका जन्मदिन हो।” इसके बाद उन्होंने कहा कि इस तरह का बहस मत करो। वैल्यू मत बढ़ने दो किसी की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें