वाराणसी के 18 पर्यटन स्थलों को ग्लोबल डेस्टीनेशन के रूप में विकसित करने की तैयारी

वाराणसी, 16 सितंबर (वार्ता) कमिश्नरी सभागार में पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार की सचिव सुश्री वी. विद्यावती की अध्यक्षता में वाराणसी के 18 चिन्हित पर्यटन स्थलों को वैश्विक गंतव्य के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मंडलायुक्त श्री एस. राजलिंगम ने इन 18 पर्यटन स्थलों पर अब तक किए गए कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया। मंडलायुक्त ने बताया कि इन स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों पर उच्चतम स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सफाई कर्मियों की शिफ्ट-वार ड्यूटी लगाई गई है। प्रमुख पर्यटन मार्गों पर बिजली और केबल के तारों के अव्यवस्थित जाल को हटा दिया गया है या उन्हें सुव्यवस्थित किया गया है।
वाराणसी शहर में पर्यटकों की सुविधा के लिए हेरिटेज साइनेज के डिज़ाइन तैयार कर लिए गए हैं, जिनका कार्यान्वयन शीघ्र ही किया जाएगा। काशी में 9 नए वॉकिंग टूर और 8 नई पर्यटक यात्रा योजनाएं तैयार की गई हैं, जिनकी लॉन्चिंग हाल ही में की जा चुकी है। काशी और सारनाथ के डिजिटल ब्रोशर तैयार करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त, वाराणसी के पर्यटन सेवा प्रदाताओं का प्रशिक्षण निरंतर जारी है। अब तक 231 नाविकों (बोटमैन) और 318 टैक्सी चालकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
पर्यटन मंत्रालय की सचिव ने उक्त प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्यों को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

टिप्पणियाँ