लखनऊ कौशल महोत्सव-2025 में 8124 लोगों को मिला रोजगार: नीरज सिंह
लखनऊ, 17 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर दो दिवसीय लखनऊ कौशल महोत्सव- 2025 का आयोजन किया था। हालाकि महोत्सव का दूसरा दिन भारी बारिश की भेंट चढ़ गया लेकिन नीरज सिंह का कहना है कि आयोजन पूरी तरह से सफल रहा और इस दौरान 8124 लोगों को रोजगार मिला है।
नीरज सिंह बारिश के बाद सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि महोत्सव में 30,387 से अधिक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हुए। इस दौरान 14400 उम्मीदवारों का इंटरव्यू हुआ, जिनमें 8124 युवाओं को जॉब ऑफर मिला।उन्होंने कहा है कि युवाओं के उत्साह और कंपनियों की भागीदारी ने इस महोत्सव को अभूतपूर्व सफलता की ओर बढ़ा दिया है, PM मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है,भारत नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है ।
नीरज सिंह ने कहा है कि लखनऊ जॉब फेयर में इंटरव्यू के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए सभी अभ्यर्थी सहायता हेतु हमारे टोल-फ्री 91 88000 55555 / 18001239626 पर संपर्क करें। आश्वस्त रहें कि आपका ऑनबोर्डिंग निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाएगा।
नीरज ने अपने बयान में कहा है कि भारी वर्षा के कारण हमें नियुक्ति पत्र सम्मान समारोह स्थगित/रद्द करना पड़ा। यह वह अवसर था जब चयनित युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने थे, किन्तु प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण यह संभव नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा है कि फिर भी इस महोत्सव ने जो ऊर्जा और उपलब्धियाँ दी हैं, वे ऐतिहासिक और प्रेरणादायक हैं। यह सिद्ध करता है कि सही मार्गदर्शन और उपयुक्त मंच मिलने पर भारत का युवा हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें