रेनॉ की कारें 22 सितंबर से 96 हजार तक सस्ती होंगी

नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) रेनॉ इंडिया ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती का लाभ ग्राहकों को देते हुए अपनी कारों के दाम 96 हजार रुपये तक कम करने की घोषणा की है।

फ्रांसीसी कार निर्माता कंपनी रेनॉ की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई रेनॉ इंडिया ने शनिवार को बताया कि वह जीएसटी 2.0 के लाभों को अपने पूरे उत्पाद पोर्टफोलियो में शामिल करेगी। कीमतों में 96,395 रुपये तक की कटौती का लाभ 22 सितंबर को या उसके बाद की सभी डिलीवरी पर लागू होगा।
कंपनी ने बताया कि रेनॉ ट्राइबर के विभिन्न संस्करणों की कीमत 53,695 रुपये से 80,195 रुपये तक कम हो जायेगी। काइगर के दाम में 53,695 रुपये से लेकर 96,395 रुपये तक और क्विड की कीमत 40,095 रुपये से लेकर 54,995 रुपये तक कम की जा रही है।
इन बदलावों के बाद ट्राइबर और काइगर की नयी कीमत 5,76,300 रुपये से शुरू होगी, जबकि क्विड की कीमत 4,29,000 रुपये से शुरू होगी।
ग्राहक देश भर के सभी डीलरशिप पर नयी कीमतों पर बुकिंग आज ही शुरू कर सकते हैं। रेनॉल्ट इंडिया के प्रबंध निदेशक, वेंकटराम मामिलपल्ले ने कहा, “जीएसटी 2.0 का पूरा लाभ ग्राहकों तक पहुंचाना हमारे ग्राहकों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमारा मानना है कि यह समयोचित पहल न केवल हमारी कारों को अधिक सुलभ बनायेगी, बल्कि त्योहारी मौसम मांग को भी बढ़ावा देगी।”
कंपनी की विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस कदम से त्योहारी मौसम के दौरान मांग को मजबूत गति मिलने की उम्मीद है।
जीएसटी दरों में कटौती की घोषणा के बाद रेनॉ इंडिया कारों के दाम कम करने वाली दूसरी कंपनी है। इससे पहले टाटा मोटर्स ने भी शुक्रवार को कीमतों में 1.55 लाख रुपये तक की कमी करने की घोषणा की थी जो 22 सितंबर से लागू होने हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास