योगी ने फेज 3 को मंजूरी प्रदान करने के लिए मोदी का जताया आभार
लखनऊ, 24 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा केंद्र प्रायाेजित योजना (सीसीएस) के तीसरे चरण को मंजूरी प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि यह पहल युवाओं के लिए नए अवसर और रोजगार का मार्ग प्रशस्त कर 'स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत' के संकल्प को गति देगी।
योगी ने एक्स पर लिखा “ आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा सीसीएस के फेज-3 को मिली स्वीकृति अभिनंदनीय है। इसके अंतर्गत 5,000 नई पीजी सीटों और 5,023 नई MBBS सीटों की वृद्धि मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता और क्षमता को बढ़ाने के साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। यह पहल युवाओं के लिए नए अवसर और रोजगार का मार्ग प्रशस्त कर 'स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत' के संकल्प को गति देगी। पर्व एवं त्योहारों के अवसर पर लिए गए इस लोक-कल्याणकारी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार।”गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मेडिकल कॉलेजों के विकास के लिए 15,034.50 करोड़ रुपये की केंद्र प्रायोजित योजना को मंजूरी दी है। इससे पांच हजार पीजी और 5,023 एमबीबीएस सीटें बढ़ेंगी। माना जा रहा है कि इस योजना से स्नातक और स्नातकोत्तर चिकित्सा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवा बेहतर होगी. यह योजना 2025-26 से 2028-29 तक लागू रहेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें