बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से जल्द फटेगा राहुल गांधी का हाइड्रोजन बम: अजय राय
वाराणसी, 2 सितंबर ( वार्ता ) कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को कहा कि वोट चोरी का मुद्दा पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है और इस बार बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद और मर्जी से राहुल गांधी का हाइड्रोजन बम फटेगा।
लहुराबीर स्थित कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने वाराणसी का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां का अपडेट चुनाव आयोग ने दोपहर एक बजे के बाद देना बंद कर दिया था। उन्होंने तत्कालीन मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली बुलाकर जल आयोग का सीईओ बनाया गया, क्योंकि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए काम किया था।श्री राय ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले ही एटम बम फोड़ने की बात कही थी और अब हाइड्रोजन बम फोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन बम फटने के बाद भाजपा वालों को कहीं जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने भाजपा पर हिंसा का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ता लगातार हमले कर रहे हैं। लखीमपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की, जबकि इटावा में कांग्रेस कार्यालय पर राहुल गांधी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया।
उन्होने योगी सरकार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने और गिरफ्तारियां करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इटावा में 15 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले बौखलाए नहीं, बल्कि पागल हो गए हैं। भाजपा ने अपने ही संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करवाया और संघ से जुड़े लोगों को निशाना बनाया।
श्री राय ने कहा कि वोट चोरी करके नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं और काउंटिंग के दिन दोपहर एक बजे के बाद अपडेट बंद कर दिए गए थे। उन्होने कहा कि वे बुधवार को लखनऊ पहुंचकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लोगों से मुलाकात करेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें