श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की बैठक में लिये गये महत्वपूर्ण फैसले
अयोध्या 09 सितम्बर (वार्ता) अयोध्या में श्रीमणिराम दास छावनी में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की बैठक में आज कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये।
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल के निधन से रिक्त हुए स्थान पर उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के निवासी कृष्ण मोहन को ट्रस्टी बनाया गया। वह कामेश्वर चौपाल के सामाजिक वर्ग से है। आज की बैठक 3 बजे से ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में संपन्न हुई। आज की बैठक में 15 ट्रस्टी में से नौ ट्रस्टी बैठक में उपस्थित रहे और तीन लोग ऑनलाइन बैठक में जुड़े रहे। एक ट्रस्टी अनुपस्थित रहे और दो लोगों की मृत्यु हो चुकी है।बैठक में ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल के स्थान पर हरदोई के रहने वाले कृष्ण मोहन को ट्रस्ट का सदस्य बनाया है जो 70 के दशक में लखनऊ विश्वविद्यालय से एमएससी थे और भारतीय वन सेवा महाराष्ट्र में कार्यरत थे अब रिटायर हो करके सामाजिक कार्य कर रहे हैं।
श्री राय ने बताया कि गृह मंत्रालय के आईएएस अधिकारी प्रशांत लोखंडे अति आवश्यक कार्य से अनुपस्थित रहे। 97 वर्ष की उम्र के. परासरन चेन्नई अपने आवास से पूरे समय ऑनलाइन जुड़े रहे। युग पुरुष परमानंद महाराज और यूपी के आईएएस गौरव दयाल ऑनलाइन पूरे समय जुड़े रहे। बैठक में श्रीराम मंदिर निर्माण से जुड़ी निर्माण एजेंसियो का कार्यभार मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया। राममंदिर की बाउंड्री वॉल, अंतर्राष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय उसका निर्माण कार्य अभी सिविल वर्क चल रहा है, सिविल वर्क पूरा होने के बाद डिस्प्ले वर्क होगा, डिस्प्ले वर्क में दो हिस्सा गवर्नमेंट का है।
वीडियो के माध्यम से स्क्रीन भगवान श्री राम के चरित्र को दिखाया जाएगा। आईआईटी मद्रास यूनिवर्सिटी 3डी से 7डी पर कार्य कर रही है और राम कथा संग्रहालय में 20 गैलरी होगी जिसमें रामायण की सभी मूल प्रतियां रखे जाने की तैयारी चल रही है सभी प्रदेशों से इसका कलेक्शन किया जा रहा है अपने ही जिले का एक युवक के पास रामायण की 52 मूल प्रतियां हैं। भारत के सभी म्यूजियम से संपर्क किया जा रहा है कि राम से संबंधित जो भी डॉक्यूमेंट चित्र आपके पास हैं चाहे डोनेशन कर दें या हमें लीज पर दे दे ऐसा संपर्क किया जा रहा है। संदीप सिंह जो नेशनल म्यूजियम से रिटायर्ड है उनको म्यूजियम का कार्य सौपा गया है।
चंपत राय ने बताया कि सुरक्षा दीवार बाउंड्री वॉल 3:30 किलोमीटर लंबी है। चारों दिशाओं में सुरक्षा के मानक सीआरपीएफ क्या चाहती है, यूपी पुलिस क्या चाहती है, पीएसी क्या चाहती है उन सब के सुझावों को लिया गया है और बाउंड्री वॉल बनाने के पहले पार्लियामेंट के अंदर कैसी सुरक्षा व्यवस्था है या कैसी बाउंड्री बनी है पार्लियामेंट के साथ दो-चार जगह का और निरीक्षण किया गया है जिससे कि सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया जा सके।
उन्होने बताया कि 25 नवंबर 2025 को ध्वजारोहण करने की सहमति बन गई है, जिसकी तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। अबकी बार के कार्यक्रम में अयोध्या के पास पड़ोस के जिले, पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों से लोगों को आमंत्रित किए जाने के बात कहीं जा रही है। प्रधानमंत्री के आने वाले सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इस पर वह कुछ नहीं कह सकते।
श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के दिवंगत सदस्य राजा अयोध्या विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र को दी गई श्रद्धांजलि, स्वस्तिवाचन के बीच दिवंगत राजा अयोध्या को ट्रस्ट ने श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक में जगद्गुरु शंकराचार्य वासुदेवानंद, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि,जगद्गुरु माध्वाचार्य विश्वप्रसन्न तीर्थ, महंत दीनेंद्र दास चम्पतराय, निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, डा अनिल मिश्र, अयोध्या के डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, महंत कमलनयन दास, दिनेशचंद्र, गोपाल राव भी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें