फियो ने निर्यात रिफंड में तेजी लाने के जीएसटी परिषद के उपायों का किया स्वागत

नई दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (फियो) ने निर्यातकों के लिए नकदी की चुनौतियों को कम करने और रिफंड प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के जीएसटी परिषद के ऐतिहासिक निर्णयों का गुरुवार को स्वागत किया।

फियो के अध्यक्ष एस.सी. रल्हन ने कहा, “परिषद द्वारा जोखिम विश्लेषण के आधार पर सात दिन के भीतर निर्यात रिफंड जारी करने और कपड़ा, फार्मा, रसायन और उर्वरक जैसे क्षेत्रों के लिए उल्टे शुल्क ढांचे के तहत तत्काल अनंतिम रिफंड जारी करने की मंजूरी एक बहुत ही स्वागत योग्य कदम है। ये सुधार कार्यशील पूंजी की रुकावटों को कम करने और निर्यातकों को समय पर राहत प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
उन्होंने इस बात को भी रेखांकित किया कि ये उपाय न केवल देश के निर्यात क्षेत्र को मजबूत करेंगे, बल्कि आपूर्ति श्रृंखलाओं पर दबाव कम करके घरेलू मांग में भी वृद्धि करेंगे। उन्होंने कहा, “एक मजबूत निर्यात इकोसिस्टम अनिवार्य रूप से घरेलू विनिर्माण और उपभोग को बढ़ावा देता है। ये कदम अर्थव्यवस्था में सकारात्मक गुणक प्रभाव पैदा करेंगे, जिससे उद्योग और उपभोक्ता दोनों को लाभ होगा।”
श्री रल्हन ने आश्वासन दिया कि जहां भी अंतिम उत्पाद घरेलू उपभोक्ताओं तक पहुंच रहा है, उद्योग यह सुनिश्चित करेगा कि कम लागत का लाभ उन्हें उचित रूप से मिले। उन्होंने कहा, “निर्यातक देश की वैश्विक प्रतिस्पर्धा की क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ घरेलू अर्थव्यवस्था और उपभोक्ताओं को सहयोग देने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने कहा कि एक हजार रुपये से कम के जीएसटी रिफंड की अनुमति देने से छोटे और ई-कॉमर्स निर्यातकों को अत्यधिक लाभ होगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास